आजादी के अमृत महोत्सव पर डाकघरों में ग्रेड के अनुसार लहराएगा तिरंगा

आजादी के अमृत महोत्सव पर डाकघरों में ग्रेड के अनुसार लहराएगा तिरंगा

जागरण संवाददाता, बक्सर : आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर इस बार ध्वजारोहण के तौर तरीकों में बदलाव के साथ ही काफी कुछ नया देखने को मिलेगा। प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए हर घर तिरंगा के तहत जहां देश के तमाम घरों पर तिरंगा लहराते नजर आएंगे तो दूसरी ओर डाकघरों में भी उनके ग्रेड के अनुसार तिरंगा लहराता नजर आएगा।
आजादी की 75वीं वर्षगांठ इस बार कई मायनों में खास होने जा रहा है। ध्वजारोहण को लेकर नए-नए कीर्तिमान बनाने की तैयारी है तो दूसरी ओर ध्वजारोहण के तौर तरीकों में बदलाव लाते हुए इस बार तीन दिनों तक देश के सभी सरकारी कार्यालयों से लेकर आम और खास के घरों पर तिरंगा लहराते नजर आएगा। इस साल शाम के समय झंडा उतारने की बाध्यता भी नहीं होगी। इस अवसर पर डाक विभाग ने भी विभिन्न ग्रेडों के अनुसार तिरंगा के साइज का चयन किया है। इसकी जानकारी देते प्रधान डाकघर बक्सर के मुख्य डाकपाल यशवंत सिंह ने बताया कि विभाग से आए आदेशानुसार प्रधान डाकघर के लिए 35.4 इंच x 23.6 इंच का साइज निर्धारित किया गया है, तो दूसरी ओर उप डाकघरों तथा शाखा डाकघरों के लिए 27 इंच x 18 इंच का तिरंगा लहराने का आदेश दिया गया है। आजादी के अमृत वर्ष महोत्सव पर आम लोगों के घरों के समान विभाग के कार्यालयों पर भी तीन दिनों तक लगातार तिरंगा लहराता रहेगा। इस संबंध में भोजपुर डिवीजन के डाक अधीक्षक के आदेशानुसार शनिवार की सुबह नौ बजे ही प्रधान डाकघर पर बकायदा नियमानुसार तिरंगा फहरा दिया गया है। यह तिरंगा लगातार तीन दिनों तक इसी तरह लहराता रहेगा। इसके बाद 15 अगस्त को ध्वजारोहण किया जाएगा। डाक विभाग से संबंधित यह आदेश देश के सभी डाकघरों पर समान रूप से लागू होगा।

अन्य समाचार