विद्यालय में नर्तकी के साथ छात्रों ने लगाए ठुमके, वीडियो वायरल

बेलसंड (सीतामढ़ी)। प्रखंड की जाफरपुर पंचायत के उत्क्रमित उच्च विद्यालय मधकौल में आर्केस्ट्रा की नर्तकी से भोजपुरी गाने पर ठुमके लगवाए गए। साथ में विद्यालय के छात्रों और अन्य लोग भी थे। इस दौरान लोगों ने वीडियो बना लिया। जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। इससे हड़कंप मचा है।

बताया गया कि रविवार की देर रात तक स्वतंत्रता दिवस को लेकर तैयारी चल रही थी। छात्रों और ग्रामीणों ने वहां मनोरंजन के लिए नर्तकी को बुलाया था। देर रात तक सभी भोजपुरी गानों पर ठुमके लगाते रहे। वीडियो में दिख रहा है कि कारीगर मिठाई बना रहे हैं। ट्रैक्टर ट्राली पर जेनरेटर चल रहा था। स्कूल भवन के पहले तल पर एक कमरे में भोजपुरी गाने पर कई लोग नाच रहे थे। नर्तकी के साथ बारी-बारी से डांस करने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान कुछ लोग वीडियो बना रहे थे तो कुछ सेल्फी भी ले रहे थे। दोषी पर होगी कार्रवाई : जिला शिक्षा पदाधिकारी ( डीईओ) अवधेश प्रसाद सिंह ने कहा कि मामला सही मिला तो दोषी पर कड़ी कार्रवाई होगी। वहीं प्रधानाध्यापक शशिरंजन सिंह ने कहा कि फंसाने के लिए पुराने वीडियो को वायरल किया गया है। यह वीडियो पिछले साल का है। जब स्कूल में बरात आकर ठहरी थी। बीईओ ने की जांच : डीईओ के निर्देश पर मंगलवार की दोपहर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) अर्चना कुमारी जांच के लिए विद्यालय पहुंची। अगल-बगल के लोगों से जानकारी ली। बगल में ही मुखिया मनोज कुमार सिंह का भी घर है। बीईओ ने मुखिया से भी मामले की जानकारी ली। बीईओ ने कहा कि जांच में यह बात सामने आई है कि पुराना वीडियो है। इसे साजिशन वायरल किया गया है। कहा कि 14 अगस्त को ऐसी कोई घटना यहां नहीं हुई थी।


अन्य समाचार