बाइक सवार अपराधियों ने सहरसा के युवक को गोली मारकर किया घायल

संवाद सूत्र, चौथम (खगड़िया)। खगड़िया में अपराध बढ़ा है। रोज आपराधिक घटनाएं घट रही है। गुरुवार की शाम करुआ मोड़ बायपास में एक युवक को बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद आराम से चलते बना। घायल सहरसा जिले के बनमा ओपी स्थित भगवानपुर का पवन यादव (35) है। पवन यादव पत्नी कंचन देवी व दो छोटे-छोटे बच्चों के साथ नवगछिया की ओर जा रहे थे।

इस दौरान चौथम थाना के करुआमोड़ के समीप बदमाशों ने गोली मार दी। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की आरंभिक जांच-पड़ताल की। घायल युवक को स्थानीय लोगों ने चौथम सीएचसी पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार बाद रेफर कर दिया गया है। चौथम थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश हो जाएगा।

प्रत्यक्षदर्शी रूपनी निवासी रौशन कुमार ने बताया कि पवन यादव एक बाइक पर सवार थे। इस दौरान उनको फोन आया। वे बाइक लगाकर बायपास सड़क पर फोन पर बातचीत करने लगे। इस दौरान एक अपाचे पर सवार होकर तीन बदमाश पहुंचा और गोली मारकर फरार हो गया। तीनों बदमाश अपना मुंह गमछा से ढंके हुए था।
घटना के बाद स्थानीय युवाओं ने मानवता दिखाई। युवा नेता नीरज कुमार, एनएसयूआइ के जिलाध्यक्ष नितिन पटेल व मोहन सिंह ने घायल को इलाज के लिए चौथम सीएचसी लाया। जहां से चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। इसके बाद तीनों एक चार पहिया वाहन से घायल और उनके स्वजनों को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। जहां घायल का इलाज किया जा रहा है।

अन्य समाचार