26 से प्रांरभ होगा रानी सती दादी का दो दिवसीय भादो महोत्सव

संवाद सूत्र, झाझा(जमुई) : नगर के श्री सत्यनारायण सह दादी मंदिर में रानी सती दादी का दो दिवसीय भादो महोत्सव 26 अगस्त से शुरू होगा। इस मंदिर में यह सातवां महोत्सव होगा। इसके पहले यह महोत्सव राजस्थान के झुनझुनधाम में हुआ करता था। मारवाड़ी समाज के लिए यह महोत्सव काफी उत्साहब‌र्द्धक होता है। सदस्यों ने दो दिवसीय महोत्सव की तैयारी प्रारंभ कर दी है। महोत्सव में कई राज्यों के भक्त के पहुंचने के आसार हैं। महोत्सव के पहले श्री सत्यनारायण मंदिर को भव्य रूप दिया जा रहा है। माता रानी सती दादी के दरबार को फूला से सजाया जाएगा। संचालन समिति के सदस्य संजय बंका एवं सीताराम पोद्दार ने बताया कि रानी सती दादी का महोत्सव काफी भव्य होगा। इसको लेकर भक्तों में उल्लास है। इसके पहले भक्तों को राजस्थान के झुनझुनधाम जाना पड़ता था। भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए श्री सत्यनारायण मंदिर में रानी सती दादी की प्रतिमा स्थापित की गई। 26 एवं 27 अगस्त को होने वाले इस कार्यक्रम में दादीजी का भव्य श्रृंगार दर्शन, भजनों की अमृत वर्षा, छप्पन भोग व महिलाएं श्री नारायणी मंगल पाठ करेंगी। मंगलपाठ कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र होगा। 26 अगस्त की शाम रानी सती दादी का ज्योत व जागरण से महोत्सव की शुरूआत होगी। इसमें सैकड़ों महिला एवं पुरूष भाग लेंगे। उक्त भजन में धनबाद चिरकुंडा की गायिका मनीषा अग्रवाल भाग लेंगी। दादी के दरबार में देर रात्रि तक भजन का कार्यक्रम होगा। 27 अगस्त को दादी का जात के अलावा दोपहर करीब दो बजे नारायणी मंडल पाठ की शुरूआत की जाएगी जो लगभग चार घंटे तक चलेगी। शाम में रानी सती दादी की भव्य आरती के अलावा छप्पन भोग लगाने के बाद भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा। नारायणी मंडल पाठ में एक सौ से अधिक महिलाओं के भाग लेने की संभावना है। इस बार श्री दादी महिला परिवार द्वारा दादीजी को चांदी से निर्मित चरण अर्पित किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एक श्री दादी सेवा समिति का गठन किया गया जिसमें रिकू बंका, पूनम सुल्तानिया, सीताराम पोद्दार, संजय बंका, संदीप सुलतानिया, गुडू, रवि अग्रवाल, अशोक बंका, प्रभाकर बंका, अजय छापड़िया आदि सदस्य शामिल हैं।


अन्य समाचार