जन्माष्टमी के दिन किसानों पर बरसी भगवान की कृपा, जमकर हुई वर्षा

जन्माष्टमी के दिन किसानों पर बरसी भगवान की कृपा, जमकर हुई वर्षा

जागरण संवाददाता, जहानाबाद :
खेतों में लगी धान की फसल झुलस रहे थे। किसान अपनी गाढ़ी कमाई को तबाह होते देख खून के आंसू रो रहे थे। ऐसे में आशा भरी निगाह से किसान कभी आसमान को निहारते तो कभी सरकार द्वारा कृपा प्राप्त करने की उम्मीद करते। लेकिन अब तक किसानों को मायूसी ही मिल रही थी। शुक्रवार को भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव मनाने की तैयारी कर रहे लोगों को उस वक्त राहत मिली जब आसमान से झमाझम वर्षा की बूंदे गिरने लगी। देखते ही देखते वर्षा तेज होती गई और किसान निहाल होते गए। फिलहाल संजीवनी की तरह यह वर्षा रोपे गए धान की फसल को नया जीवन प्रदान किया है। इसी तरह समय-समय पर वर्षा होती रही तो अच्छी फसल प्राप्त हो सकती है। बताते चलें कि इस वर्ष औसत से काफी कम वर्षा होने के कारण मात्र 58 प्रतिशत ही धान की रोपनी हुई है। ऐसे में इसे बचाना भी मुश्किल हो रहा था, लेकिन यह वर्षा फिलहाल राहत का काम कर रही है। किसान भोला सिंह, विनोद कुमार, अरविंद यादव समेत अन्य लोगों ने बताया कि यह वर्षा एक सप्ताह तक रोपे गए धान की रक्षा करेगी। यदि नियमित अंतराल पर इसी तरह वर्षा होती रही तो इससे धान की बेहतर उपज प्राप्त होगी। कुछ दिनों से उमस भरी गर्मी से भी लोग परेशान थे, वर्षा होने से राहत मिली है। हालांकि यह वर्षा शहर वासियों के लिए फिर से मुसीबत पैदा कर दी है। कई जगहों पर जलजमाव से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। राजा बजार रेलवे अंडर पास,बतीस भवरिया समेत कई मोहल्लों की गलियों में पानी जमा हो गया है।

अन्य समाचार