शिवहर में दहेज के लिए विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या, सास गिरफ्तार

शिवहर में दहेज के लिए विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या, सास गिरफ्तार

शिवहर। श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र के भटहां गांव में एक नवविवाहिता मुस्कान कुमारी (23) की पीट -पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद शव को ठिकाने लगाने की तैयारी की जा रही थी। इसी बीच पुलिस ने उसकी सास विभा देवी को गिरफ्तार कर लिया। फिर पोस्टमार्टम करा शव स्वजनों को सौंप दिया। घटना को लेकर मुस्कान कुमारी की मां पूर्वी चंपारण जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के सगहरी गांव निवासी सीमा देवी के आवेदन पर दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें मृतका के पति भटहां निवासी दीपक सिंह व सास विभा देवी समेत आठ को आरोपित किया गया है। पुलिस ने सास विभा देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बताया गया कि पूर्वी चंपारण जिले के सगहरी निवासी चंद्रभूषण सिंह ने एक साल पूर्व अपनी पुत्री मुस्कान कुमारी की शादी भटहां गांव निवासी दीपक सिंह के साथ की थी। शादी के वक्त चंद्रभूषण सिंह ने पुत्री और दामाद को पर्याप्त उपहार दिए थे। शादी के कुछ समय बाद तक सबकुछ ठीकठाक रहा। इसी बीच मुस्कान गर्भवती हो गई। इसके बाद पति व सास समेत ससुरालियों ने मुस्कान पर मायका से दहेज में पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाया। इन्कार करने पर पिटाई की जाती रही। प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा। इस बीच गुरुवार की रात मुस्कान कुमारी की बेरहमी से पिटाई की गई। लाठी-डंडे तथा धारदार हथियार के प्रहार हत्या कर दी गई। पड़ोसियों से मिली सूचना के बाद मायका वालों ने श्यामपुर भटहां थाना पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष विजय यादव के नेतृत्व में वहां पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में ले लिया। मौके से उसकी सास को गिरफ्तार कर लिया। जबकि, अन्य आरोपित फरार हो गए। शुक्रवार को शिवहर पहुंची मृतका की मां ने श्यामपुर भटहां थाने में दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई। साथ ही बेटी का शव लेकर स्वजन के साथ पू्र्वी चंपारण को रवाना हुई। थानाध्यक्ष विजय यादव ने बताया कि, मृतका मुस्कान कुमारी की मां सीमा देवी के आवेदन पर थाने में दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतका की सास विभा देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी जारी है।

अन्य समाचार