4.5 करोड़ खर्च के बाद भी नहीं बदली वार्ड संख्या 38 की सूरत

4.5 करोड़ खर्च के बाद भी नहीं बदली वार्ड संख्या 38 की सूरत

संवाद सहयोगी, डेहरी आनसोन (रोहतास) : नगर परिषद डेहरी डालमियानगर के वार्ड संख्या-38 में विकास के नाम पर करोड़ों खर्च होने के बाद भी वार्ड की सूरत नहीं बदल पाई है। विभाग के अनुसार पांच वर्षों में विकास योजनाओं के संचालन के नाम पर अबतक इस वार्ड में चार करोड़ 50 लाख रुपये की राशि खर्च हो चुकी है। बावजूद इसके स्थिति जस की तस बनी हुई है। मुख्य नाला नही बनने के कारण निरंजन बिगहा, गली संख्या 15 में हल्की वर्षा में भी जल जमाव की स्थिति बन जाती है। वर्तमान में इस वार्ड में जल निकासी का कोई साधन नहीं है। वार्ड में मुख्य नाला निर्माण और अशोक कुमार के घर से उमा पासवान के घर तक सड़क निर्माण के लिए बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पारित होने के बाद प्राक्कलन का प्रशासनिक स्वीकृति भी मिल गया है। इसके बाद भी इसका निर्माण कार्य अभी तक नहीं हो पाया है। वार्ड में लगे 168 स्ट्रीट लाइटों आधे से अधिक खराब रहने की वजह से गलियों में अंधेरा पसरा रहता है। इनमें से लगभग 20 स्ट्रीट लाइट की सामग्री चोरी हो गई है। वार्ड में 3800 मतदाता है। वार्ड में अटल अमृत योजना के तहत नल जल का पाइप लाइन भी सभी जगहों पर नही लग पाया है। हर घर नल के जल का लाभ भी पूरी तरह से लोगों को नहीं मिल पा रहा है। कई जगहों पर पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़कें खोदाई कर कर छोड़ दी गई है। जिससे मोहल्ले वासियों को आने जाने में तकलीफों का सामना करना पड़ता है। प्रधानमंत्री मंत्री शहरी विकास योजना के तहत अभी तक 16 लाभुकों को ही आवास योजना का लाभ मिल पाया है। इसके अतिरिक्त 80 अन्य लाभुकों का भी चयन किया गया है।

कहते है वार्ड वासी :
मुहल्ले में नाली निर्माण नही होने के कारण सड़क पर जल जमाव हल्की वर्षा में भी हो जाती है। इस वजह से घर से बाहर निकलने में परेशानी होती है। इसे लेकर कई बार आवेदन दिया गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
- राजीव रंजन
नाला नही बनने के कारण जीना मुहाल है। दरवाजे पर पानी जमा हो सड़कर नाला दुर्गंध देते रहता है। जल जमाव के कारण हल्की वर्षा में भी घर से निकलना मुश्किल हो जाता है।
- नागेंद्र शर्मा
वार्ड पार्षद की पहल से बंद पड़े स्ट्रीट लाइट को चालू कराया जाता है। अटल अमृत योजना के तहत संचालित नल के जल अधिकांश घरों तक कनेक्सन तो मिल गया है, लेकिन अभी तक पानी की सप्लाई नहीं हो रही है।
- मिथलेश शर्मा
पांच वर्षो में दो वर्ष कोरोना से कार्य बाधित रहा। ठीक ढंग से कार्य करने का बहुत ही कम मौका मिल पाया। जितना भी समय मिला उसमें अधिक से अधिक विकास कार्य करने का प्रयास किया गया। मुख्य नाला का निर्माण प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद भी नही हो सका इसका दुख रहेगा।
- संजय शर्मा, निवर्तमान वार्ड पार्षद
वार्ड एक नजर में
वार्ड में कुल मतदाता - 3800
पुरुष - 1920
महिला - 1880
आंगनबाड़ी केंद्र - तीन
स्ट्रीट लाइट - 168
जन वितरण प्रणाली - तीन
विद्यालय - एक भी नहीं

अन्य समाचार