पांच साल से फरार डकैत धराया, नेचर सफारी में नाइट गार्ड का कर रहा था काम

पांच साल से फरार डकैत धराया, नेचर सफारी में नाइट गार्ड का कर रहा था काम

जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ : दीपनगर थाना पुलिस ने पांच साल से फरार चल रहे डकैत को राजगीर के नेचर सफारी से गिरफ्तार किया है। पुलिस के आंखों में धूल झोंक वह राजगीर में नेचर सफारी में नाइट गार्ड की नौकरी कर रहा था। गिरफ्तार नाइट गार्ड पर दीपनगर थाने के अलावा गया जिले के अतरी में भी डकैती व शस्त्र अधिनियम के कई मामले दर्ज हैं। पकड़ा गया डकैत गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र के जेठियन-साइड पर गांव निवासी चांदो मांझी का 35 वर्षीय पुत्र सीता मांझी है। जानकारी के अनुसार वह अप्रैल महीने से गार्ड के तौर पर काम कर रहा था। ऐसे में सवाल यह उठता है कि बिना सत्यापन के किसी को गार्ड की नौकरी कैसे दे दी गई। क्या नियुक्ति से पहले इसकी जांच नहीं की गई। दीपनगर थानाध्यक्ष मो. मुश्ताक ने बताया कि विगत 19 सितंबर, 2017 को दीपनगर के सर्वोदय नगर में घर में घुसकर पांच की संख्या में बदमाशों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया था। जिसमें चार लोगों ने सरेंडर कर दिया था। जबकि सतीष मांझी फरार चल रहा था। उसके खिलाफ न्यायालय से वारंट निर्गत किया गया था। जिसके उपरांत गिरफ्तारी के लिए उसके घर में दबिश दी गयी। जहां पता चला कि वह नेचर सफारी में काम करता है। इसके बाद पुलिस टीम ने गुरुवार की रात नेचर सफारी में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गया के अतरी में भी उसपर कई मामले दर्ज हैं। नेचर सफारी के निदेशक अतीश कुमार ने बताया कि गार्ड के रूप में आमतौर पर आसपास के गांव के लोगों को ही रखा जाता है। वह अपने किसी साथी के माध्यम से काम के लिए आया था। काम करने वाले लोगों से उसकी जानकारी मांगी जाती है। उसने आपराधिक मुकदमा दर्ज होने की बात छुपा ली थी।
हिलसा प्रखंड मत्स्यजीवी सहयोग समिति का चुनाव रद्द यह भी पढ़ें

अन्य समाचार