जिले में बंद पड़े 3667 चापाकलों की हुई मरम्मत

जिले में बंद पड़े 3667 चापाकलों की हुई मरम्मत

भभुआ: जिले में पेयजल की समस्या उत्पन्न नहीं हो इसको लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में बंद पड़े 3667 चापाकलों की मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया है। इससे लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो रहा है। पीएचईडी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले के सभी प्रखंड क्षेत्रों के अंतर्गत 14462 चापाकलों को लगाया गया है। जिसमें से खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत का कार्य अभियान चलाकर किया गया है। चापाकल मरम्मत के दौरान पानी का जलस्तर नीचे चले जाने के कारण 375 चापाकलों में अतिरिक्त पाइप को लगाकर मरम्मत किया गया है। इससे उन चापाकलों से भी पानी मिल रहा है। जिले के मैदानी व पहाड़ी क्षेत्र में प्रशासनिक तत्परता के चलते भीषण गर्मी में लोगों को पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराई गई। जिले में पानी की समस्या नहीं होने पाए इसको लेकर जिलाधिकारी स्वयं पहाड़ी व मैदानी क्षेत्र के गांवों में पहुंच कर स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। इस संबंध में पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता अमित कुमार ने बताया कि जिले के विभिन्न प्रखंड क्षेत्रों के अंतर्गत 14462 चापाकल को लगाया गया है। जिसमें से वर्ष 2022-23 में अब तक 3667 चापाकलों की मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि नल जल योजना से 824 वार्ड आच्छादित है। पीएचईडी विभाग टैंकर के माध्यम से भी शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है।

जिले में प्रखंडवार लगाए गए चापाकल
कुदरा- 1635
भभुआ -1956
चैनपुर -1624
चांद -1587
अधौरा-998
भगवानपुर -1338
रामपुर -1039
रामगढ़ -900
नुआंव -789
मोहनियां -1271
दुर्गावती -1325

अन्य समाचार