विस्थापितों के पुनर्वास के लिए संघर्ष करेंगे : सांसद

विस्थापितों के पुनर्वास के लिए संघर्ष करेंगे : सांसद

संवाद सूत्र, मटिहानी (बेगूसराय) : राज्यसभा सदस्य राकेश सिन्हा रविवार को मटिहानी प्रखंड के गंगा कटाव क्षेत्र का निरीक्षण कर जेएल उच्च विद्यालय, नयागांव में कटाव प्रभावितों से संवाद किया। संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा पूर्वी मंडल अध्यक्ष कुंदन कुमार ने की। स्वागत भाषण अवकाश प्राप्त शिक्षक महेश्वर झा एवं धन्यवाद ज्ञापन लक्ष्मण राय ने किया।
संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि राजनीति पूर्व में सेवाभाव होता था, परंतु अब पेशा बन गई है। जनता याचक की भूमिका में हैं और नेता दानी कर्ण की भूमिका में अपने को स्थापित करने लगे हैं। उन्होंने कहा जनता याचक नहीं हैं। उन्हीं के वोट से तो हम जनप्रतिनिधि बनते हैं। उन्हें छीन कर लेने का अधिकार भी है। उन्होंने घोषणा की कि छह माह के अंदर गंगा कटाव से विस्थापित होकर बसे लोगों को पुनर्वासित किया जाएगा। अगर सरकार के द्वारा पुनर्वास नहीं किया गया तो संघर्ष हमारा रास्ता होगा। हम सरकार को पुनर्वासित करने के लिए बाध्य कर देंगे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मांग पर दुर्गा स्थान चहारदीवारी निर्माण करवाने के कार्य का आश्वासन दिया। सांसद ने कहा कि दियारा शब्द अभिशाप है। इस शब्द को ही जड़ मूल से मिटाना है।उन्होंने कहा कि रिंग बांध बनाकर गंगा की बाढ से जो भी गांव प्रभावित होता है, उसका स्थाई निदान किया जाएगा। सभा को भाजपा जिलाध्यक्ष राज किशोर सिंह, कोषाध्यक्ष राम कल्याण सिंह, राम कुमार सिंह, सीताराम सिंह आदि ने संबोधित किया।

अन्य समाचार