बाथो रढ़ियाम में किसान ने की आत्महत्या

बाथो रढ़ियाम में किसान ने की आत्महत्या

बेनीपुर, संवाद सहयोगी : बहेड़ा थानाक्षेत्र के बाथो रढ़ियाम गांव में रविवार को एक किसान ने खुदकुशी कर ली। घटना के कारण साफ नहीं हैं। हालांकि, यह बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पूर्व फाइनेंस कंपनी ने कर्ज नहीं चुकाने पर किसान के दरवाजे से ट्रैक्टर खींच लिया था। इस कारण से वो परेशान चल रहे थे। बताया गया है कि ग्रामीण स्व. अनिरुद्ध यादव के 45 वर्षीय पुत्र शत्रुघ्न यादव रविवार को खेत में पटवन कर रहे थे। इसी बीच एक आम के पेड़ पर चढ़कर गले में फंदा डाल लटक गए। घटना की जानकारी तब मिली जब गांव की एक महिला ने करीब दस बजे दिन में पेड़ के निकट से गुजरी। शव देखने के साथ महिला ने शोर मचाया। शोर सुनकर घटनास्थल पर शव को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने बताया कि शत्रुघ्न सुबह से धान के खेत में पटवन कर रहे थे। इस बीच आखिर किस समस्या को लेकर उन्होंने खुदकुशी कर ली, यह समझ से परे है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। 19 अगस्त को फाइनेंस कंपनी ने दरवाजे से खींचा था ट्रैक्टर पंचायत की मुखिया के पति ब्रजकिशोर यादव ने बताया कि खुदकुशी के कारण साफ नहीं हैं। 19 अगस्त को एक निजी फाइनेंस कंपनी ने किसान के दरवाजे से लोन के कारण ट्रैक्टर खींच लिया था। इससे पहले कई बार लोन चुकाने के लिए नोटिस भी की गई थी। नहीं देने पर ट्रैक्टर ले जाने के बाद से वो बिल्कुल शांत रहने लगे थे। घटना के सभी पहलुओं पर चल रही जांच, लोन की बात आई सामने घटनास्थल पर पहुंचे बहेड़ा थाना के दारोगा शिवकुमार यादव व जमादार धनंजय कुमार ने घटना के बारे में लोगों से जानकारी ली। दारोगा ने बताया कि शत्रुघ्न की हत्या नहीं की गई है। उन्होंने आत्महत्या की है। स्थानीय लोगों से जानकारी मिली है कि ट्रैक्टर दरवाजा से खींचे जाने के बाद से वो परेशान थे। आत्महत्या की एक वजह यह भी हो सकती है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। नवंबर में थी पुत्री की शादी की तैयारी घटना के बाद शत्रुघ्न की पत्नी मुनिया देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार यहीं कह रही थी, अब ककरा भरोसे आब हमरा बेटा-बेटी गुजर करतै। उनकी दोनों पुत्रियां ज्योति एवं प्रीति अपनी मां की तरफ निहारकर विलाप कर रही थीं। बताते हैं कि शत्रुघ्न बड़ी पुत्री प्रीति कुमारी की शादी नवंबर में करने की तैयारी में लगे थे। -

अन्य समाचार