बड़हरा में स्नान करने के दौरान गंगा नदी में डूबा युवक, हंगामा

बड़हरा में स्नान करने के दौरान गंगा नदी में डूबा युवक, हंगामा

संवाद सूत्र बड़हरा: स्थानीय थाना क्षेत्र के केशवपुर गंगा नदी घाट पर सोमवार को स्नान करने के दौरान एक युवक गंगा नदी के गहरे पानी में डूब गया। युवक के गंगा नदी में डूबने की सूचना मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। इस दौरान शव की बरामदगी को लेकर आक्रोशित लोगों ने आरा-बड़हरा मार्ग को सेमरियां बांध के पास जामकर कर दो घंटे तक विरोध-प्रदर्शन किया। टायर जलाकर आगजनी भी की गई। देर शाम तक शव बरामद नहीं हो सका था। सेमरिया गांव निवासी रविशेखर सिंह उर्फ धीरज सिंह के 30 वर्षीय पुत्र ऋषभ कुमार सिंह उर्फ गोलू सिंह सोमवार को गंगा नदी में स्नान करने के लिए केशवपुर गंगा घाट पर पहुंचे थे। इस दौरान गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि से पानी का अंदाज नहीं लग पाया। इससे स्नान कर रहे गोलू सिंह गहरे पानी में चले गए और डूब गए। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने शव ढूंढने का कार्य शुरू कर दिया। समाचार लिखे जाने तक गंगा नदी में डूबे युवक का शव बरामद नहीं हो पाया था।

-
तीन वर्ष पहले ऋषभ की हुई थी शादी गर्भवती है पत्नी
बड़हरा थाना क्षेत्र के सेमरियां गांव के रवि शेखर सिंह के इकलौते पुत्र ऋषभ सिंह की शादी वर्ष 2019 में खजुरिया गांव के प्रिया देवी के साथ हुई थी। रवि शेखर सिंह की एक पुत्री भी है, जिसकी शादी हो गई है। रविशेखर सेमरिया बाजार पर आधुनिक साइकिल स्टोर का दुकान संचालन कर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। पिता के दिव्यांग होने की वजह से पूरा कार्य ऋषभ सिंह को ही देखना पड़ता था। ऋषभ के गंगा नदी में डूबने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस दौरान पत्नी प्रिया देवी तथा माता शोभा देवी का रो -रो कर बुरा हाल हो रहा था। घटनास्थल पर बड़हरा थानाध्यक्ष जयंत प्रकाश तथा अंचलाधिकारी बड़हरा पहुंचे हुए थे।

अन्य समाचार