सड़कें चकाचक और कचरे से भरी शहर की नालियां

सड़कें चकाचक और कचरे से भरी शहर की नालियां

बेतिया। सफाई कर्मियों और संसाधनों की उपलब्धता के साथ नगर परिषद की सफाई व्यवस्था बदल रही है। हलाकि कई नालियां गंदगी से भरी हुई हैं। खासकर कच्ची नालियों की हर साल चौड़ाई बढ़ जाती है और उनमें जमा कचरा नियमित रूप से नहीं निकाला जाता। नगर परिषद में सफाई कर्मी और उनके वाहनों से जुड़े कर्मियों की कुल संख्या 172 है। इस पर नगर परिषद का प्रतिवर्ष करीब डेढ़ करोड़ खर्च हो रहा है। इन सफाई कर्मियों में नगर परिषद के अलावे एजेंसी के भी सफाई कर्मी शामिल हैं। सफाई संसाधनों में 25 ई रिक्शा, एक दर्जन टीपर, दो जेसीबी, एक बॉब कट और चार ट्रैक्टर नगर परिषद के पास उपलब्ध है। 25 वार्ड वाले नगर की रात में भी सफाई की जाती है। फिर भी मुख्य मार्केट में कई जगह कूड़े के छोटे-छोटे ढेर दिन में भी तैयार हो जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि सुबह सफाई होने और मुख्य बाजार में दुकान खोलने के बाद कुछ जगहों पर गंदगी लग रही है। उसे भी प्राथमिकता के अनुसार निष्पादित करने का अभियान चलाया जाएगा। नगर परिषद द्वारा सूखा और गीला कचरा के लिए डस्टबिन का वितरण किया गया। समय से कर्मियों द्वारा उनका उठाव किया जा रहा है। व्यवसाई अजय कुमार, पिंटू कुमार ने बताया कि पिछले दो-तीन वर्षों में सफाई व्यवस्था में सुधार दिख रहा है। नालियों के निर्माण और उसकी सफाई पर ध्यान रखने की जरूरत है। कूड़ा कचरा से खाद बनाने का कार्य भी शुरु कर दिया गया है।

कोट
दिन और रात सफाई अभियान में कर्मचारी लगे हुए हैं। संसाधनों की कमी नहीं है। कूड़ा से खाद बनाने का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है।
रितेश कुमार
नगर प्रबंधक, नरकटियागंज
बोले नगरवासी
शहर की सफाई व्यवस्था में हाल के दिनों में काफी सुधार हुआ है। पहले जैसा अब कई दिनों तक सड़क पर कचरे का ढेर नहीं दिखता है। यह व्यवस्था अनवरत कायम रहे तो निश्चित रूप से शहरवासियों को लाभ मिलेगा।
उपेंद्र वर्मा, नागरिक
मोहल्लों में भी अब सफाई हो रही है। सफाई कर्मी समय से कचरे का भी उठाव कर रहे हैं। डोर टू डोर कचरे का उठाव किया जा रहा है। इससे शहर काफी स्वच्छ दिखता है। दिन- रात की सफाई व्यवस्था अच्छी है।
संजय कुमार, नागरिक
सड़कों की सफाई तो ठीक है। नालों की सफाई भी जरूरी है। समय-समय पर मच्छररोधी दवा का छिड़काव होना चाहिए। इसके लिए नगर परिषद को पहल करनी की आवश्यकता है। ताकि लोगों को मच्छरों से निजात मिले।
अवधेश शरण, नागरिक
सफाई कर्मी और संसाधन बढ़ाए जाने से अब सड़कें साफ दिख रही हैं। भीड़ भाड़ वाले जगहों पर सफाई कर्मी रात में भी सफाई कर रहे हैं। यह नगर परिषद का सराहनीय प्रयास है। नालों की सफाई भी नियमित होनी चाहिए।
धनंजय कुमार, नागरिक

अन्य समाचार