गौ संपूर्ण मानव जाति के लिए पूजनीय व आदरणीय: साध्वी सुनीता

गौ संपूर्ण मानव जाति के लिए पूजनीय व आदरणीय: साध्वी सुनीता

सीतामढ़ी । डुमरा के कैलाशपुरी मोहल्ला स्थित चंडी धाम में चल रहे श्री कृष्ण कथा के दूसरे दिन सोमवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। कथा व्यास सुश्री साधवी सुनीता भारती ने गोवर्धन पूजा की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि गौ संपूर्ण मानव जाति के लिए पूजनीय व आदरणीय है। गाय उसी प्रकार पवित्र होती है जैसे नदियों में गंगा। गोवर्धन पूजा का भारतीय लोक जीवन में काफी महत्व है। इस पर्व में प्रकृति से मानव का सीधा संबंध परिलक्षित होता है। कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने देवराज इंद्र के अभिमान को ध्वस्त करने के लिए गोवर्धन पर्वत को सात दिन तक सबसे छोटी उंगली पर उठाकर ब्रजवासियों को मूसलाधार वर्षा से बचाया था। कहा कि भगवान श्री कृष्ण स्वयं लीलाधारी श्री विष्णु के अवतार हैं। देवराज इंद्र के अभिमान को ध्वस्त करने के लिए उन्होंने एक लीला रची। प्रभु की इस लीला में उन्होंने देखा कि सभी ब्रजवासी उत्तम पकवान बना रहे हैं। किसी पूजा की तैयारी मे जुटे हैं। श्री कृष्ण ने मैया यशोदा से पूछा कि मैया आपलोग किनकी पूजा की तैयारी कर रहे हैं। मैया बोली देवराज इंद्र की पूजा के लिए अन्नकूट की तैयारी कर रहे हैं। इंद्र वर्षा करते हैं जिससे अन्न की पैदावार होती है। उनसे हमारी गायों को चारा मिलता है। भगवान श्री कृष्ण बोले हमें तो गोवर्धन पर्वत की पूजा करनी चाहिए क्योंकि हमारी गाय वहीं चरती है। इसलिए गोवर्धन पर्वत पूजनीय है। इंद्र तो कभी दर्शन भी नहीं देते हैं और पूजा न करने पर क्रोधित भी होते है। ऐसे अहंकारी की पूजा नहीं करनी चाहिए। भगवान श्री कृष्ण की बात को मानकर सभी ब्रजवासियों ने देवराज इंद्र की पूजा न करके गोवर्धन पर्वत की पूजा की। इससे देवराज इंद्र अपना अपमान मानते हुए मूसलाधार वर्षा शुरू कर दी। तब भगवान श्री कृष्ण ने अपनी कनिष्ठा उंगली पर गोवर्धन पर्वत को उठाकर ब्रजवासियों व गायों की रक्षा की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में मुख्य यजमान सुरेंद्र कुमार उर्फ छोटू, सचिदानंद सिंह व प्रेम कुमार सिंह सहित कैलाशपुरी व भौ प्रसाद के ग्रामीणों का सराहनीय योगदान मिल रहा है। कार्यक्रम का उदघाटन मुख्य अतिथि डा.टीएन सिंह, डा.रेणु चटर्जी एवं डा.प्रवीण कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर कथा स्थल पर नवजीवन मल्टी स्पेशलिटी हास्पीटल की ओर से नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया था।

अन्य समाचार