ठाकुरगंज में जीवन प्रमाणीकरण में 4160 पेंशनधारी गायब

संसू, ठाकुरगंज (किशनगंज) : मृत एवं फर्जी व्यक्ति के बैंक खाते में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि जाने पर रोक लगाने के लिए सरकार प्रतिवर्ष सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण कराना अनिवार्य कर दिया है। जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराने वाले लाभार्थियों का सामाजिक सुरक्षा पेंशन बंद हो जाएगा। इसके लिए प्रखंड ठाकुरगंज में 21229 में से अबतक 17069 यानि 80.40 फीसद से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण किया जा चुका है।

जीवन प्रमाणीकरण के क्रम में प्रखंड में अबतक चार हजार एक सौ साठ (4160) मृत, ट्रेसलेस व पेंडिग सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारी चिह्नित किया गया है। प्रखंड कार्यालय से प्राप्त आंकड़े के मुताबिक राज्य सरकार द्वारा लंबे समय तक जीवन प्रमाणीकरण अभियान चलाए जाने के बाद भी 557 पेंशनधारियों का उनके आवास पर भौतिक सत्यापन का कार्य भी किया गया। इस क्रम कई फर्जी पेंशनधारी चिह्नित किया गया है। जबकि कई पेंशनधारी मृत पाए गए। 35 सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण नहीं किया जा सका है। अब फर्जी एवं मृत सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खाते में राशि भेजने पर रोक लग जाएगी। जीवन प्रमाणीकरण के दौरान ठाकुरगंज प्रखंड में भी कई सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों का कोई अता-पता नहीं चल पाया। इसके विभाग द्वारा संबंधित सभी पेंशनधारियों का भौतिक सत्यापन भी कराया गया परंतु अब तक 4160 पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण कार्य नहीं हो पाया। इस संबंध में बीडीओ सुमित कुमार ने बताया कि मृत एवं पता नहीं चलने वाले सामाजिक पेंशनधारियों का पेंशन बंद कर दिया जाएगा। वर्तमान समय में 21229 में से 17069 पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण किया जा चुका है और इन्हें पेंशन योजना से लाभान्वित किया जाएगा।

अन्य समाचार