प्रखंड नियोजन इकाई ने किया फर्जी शिक्षिका को बर्खास्त

प्रखंड नियोजन इकाई ने किया फर्जी शिक्षिका को बर्खास्त

संवाद सहयोगी, ब्रह्मपुर(बक्सर) : प्रखंड नियोजन इकाई ने जिलाधिकारी के आदेश पर फर्जी सर्टिफिकेट पर नौकरी करने वाली शिक्षिका सुनैना देवी को बर्खास्त कर दिया है। फर्जी शिक्षिका ब्रह्मपुर के कन्या मध्य विद्यालय में नियोजित शिक्षक थी। पहली बार इस शिक्षिका को वर्ष 2017 में जालसाजी के आरोप में नियोजन इकाई द्वारा बर्खास्त किया गया था। लेकिन कागजातों में हेराफेरी और अधिकारियों की मनमानी आदेश के कारण बर्खास्त शिक्षिका सुनैना देवी को फिर से उसी विद्यालय में योगदान करा दिया गया। शिकायत के बाद दूसरी बार भी जांच कराने के बाद फर्जीवाड़ा की कलई खुल गई। कार्यक्रम पदाधिकारी द्वारा शिक्षा के कागजातों की जांच कराई गई। जांच के दौरान मैट्रिक और इंटर के प्रमाण पत्र पूरी तरह से फर्जी पाए गए। एसटीइटी में जांच में फर्जी पाया गया। इसके बाद जिलाधिकारी अमन समीर द्वारा प्रखंड विकास पदाधिकारी के पास भेजे गए पत्र में कहा गया कि शिक्षिका के अंक पत्र और अन्य प्रमाण पत्रों में काफी भिन्नता है। अवैध प्रमाण पत्रों पर नियुक्त शिक्षिका के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई करने का आदेश दिया था। प्रखंड विकास पदाधिकारी सह नियोजन इकाई के सचिव आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश के बाद प्रखंड नियोजन इकाई की बैठक कर फर्जी प्रमाणपत्रों के आरोप में कन्या मध्य विद्यालय, ब्रह्मपुर की नियोजित शिक्षिका सुनैना देवी को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि वेतन मिलने के संबंध में जानकारी नहीं है। इसकी जानकारी मिलने के बाद वेतन रिकवरी के मामले पर बाद में विचार किया जाएगा।

अन्य समाचार