खेल के दौरान विवाद में युवक को मारी तीन गोली

खेल के दौरान विवाद में युवक को मारी तीन गोली

जागरण संवाददाता, आरा: भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र के जलपुरा तापा गांव में मंगलवार की देर रात बच्चों के बीच खेल के दौरान उपजे विवाद को लेकर हथियारबंद तत्वों ने दरवाजे पर खड़े एक युवक को गोली मार दी। जख्मी युवक 32 वर्षीय सन्नी कुमार चांदी थाना क्षेत्र के जलपुरा तापा गांव वार्ड नंबर 11 निवासी रविंद्र सिंह के पुत्र है। जख्मी युवक को काफी करीब से तीन गोली मारी गई है। इलाज के लिए आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है । इधर, घायल ने तीन के विरुद्ध प्राथमिकी कराई है। जिसके आधार पर गिरफ्तारी को छापेमारी चल रही है। आरोपित फरार है। घटना रात करीब दस बजे की है। चांदी थानाध्यक्ष सुबोध कुमार के अनुसार घायल ने फुटबाल खेलने के दौरान बच्चों के बीच उपजे विवाद में घटना कारित किए जाने का आरोप लगाया है। वैसे, पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। एएसपी हिमांशु ने भी अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली।

इधर, संतोष कुमार ने बताया कि जख्मी सन्नी कुमार के छोटे भाई से शाम में गांव के ही दो युवकों से फोन पर मामूली विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके बाद उन लोगों ने दरवाजे पर आकर बड़े भाई सन्नी को गोली मारने की पहले धमकी दी। इसके बाद वे घर पर चले आए और दरवाजा खटखटाने लगे। दरवाजा खटखटाने की आवाज सुनकर सन्नी कुमार ने सोचा कि उसका छोटा भाई आया है। जैसे ही उसने दरवाजा खोला तभी हथियारबंद तत्वों ने ताबड़तोड़ उसे तीन गोली मार दी। गोली लगते ही वह खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद इलाज के लिए आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल लाया गया । छोटे भाई संतोष कुमार ने गांव के ही कल्लू , नागेश व टेनी पर गोली मारने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।
दो गोली हो गई थी आर-पार, एक फंसी गोली को डाक्टर ने निकाला
इधर, इलाज कर रहे चिकित्सक डा. विकास सिंह ने बताया कि जख्मी युवक को तीन गोली मारी गई है। जिसमें एक गोली पेट में,दूसरी गोली पीठ में एवं तीसरी गोली उसके बाएं हाथ में लगी है। पेट और पीठ में गोली लगने के कारण उसका खून काफी बह गया था। आंत सात जगह डैमेज हो गया था। आपरेशन कर गोली निकाल दी गई है। दो गोली आरा-पार हो गई थी। मरीज की स्थिति ठीक है।

अन्य समाचार