छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच फोरलेन में होगा तब्दील

छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच फोरलेन में होगा तब्दील

जासं, छपरा : छपरा-मुजफ्फरपुर टू लेन वाला एनएच अब शीघ्र ही फोरलेन में तब्दील होगा। इसकी कवायद शुरू कर दी गई है। एनएचएआइ द्वारा इस मार्ग को फोरलेन में तब्दील करने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेज दिया गया है। इसका डीपीआर तैयार किया जा रहा है। डीपीआर तैयार होने के बाद भूमि अधिग्रहण, टेंडर एवं निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इस मार्ग के फोरलेन में तब्दील हो जाने से छपरा से मुजफ्फरपुर मार्ग पर यात्रा करने वाले लोगों को काफी सहूलियत होगी। यहां तक कि अब लोगों को नेपाल एवं आसपास के इलाकों में जाने में कोई परेशानी नहीं होगी। समय भी कम लगेगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए छपरा एनएचएआइ के प्रोजेक्ट डायरेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि छपरा से मुजफ्फरपुर एनएच को फोरलेन में तब्दील करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उन्होंने बताया कि यह एक सतत प्रक्रिया है। उसी प्रक्रिया के तहत इस मार्ग को फोरलेन में तब्दील किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एनएचएआइ का एक पैमाना है कि जिस टू लेन एनएच पर 15 हजार पीसीयू मानक हो जाता है, उसको फोरलेन में तब्दील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाती है। छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच पर वाहनों का काफी अधिक भार है। कुछ दिन पहले सर्वे किया गया था। उसमें पाया गया कि फोरलेन में तब्दील करने का मानक 15 हजार पीसीयू क्रास कर रहा है। तीन-चार स्थानों पर यह सर्वे किया गया था। इसके बाद इस मार्ग को फोरलेन में तब्दील करने के लिए सरकार के पास प्रस्ताव भेज दिया गया। अब डीपीआर तैयार करने की पहल शुरू की जा रही है। इसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। विभाग के आंकड़ों के अनुसार 75 किलोमीटर लंबी इस सड़क को 68 किलोमीटर फोरलेन में तब्दील किया जाएगा। यह छपरा से शुरू होकर मुजफ्फरपुर के मधौल-सदातपुर बाईपास से मिलकर खत्म हो जाएगा।

अन्य समाचार