सीतामढ़ी के सहियारा में 11 साल के बच्चे का अपहरण कर हत्या, तीन गिरफ्तार



बथनाहा (सीतामढ़ी), संवाद सहयोगी। सहियारा थाना क्षेत्र के भिखा विशनपुर (हरकेश) गांव से शनिवार सुबह विपिन कुमार सिंह के अपहृत 11 वर्षीय सनी कुमार की अपराधियों ने हत्या कर दी। उसका शव रविवार को गांव के समीप जंगल-झाड़ी से बरामद किया गया। सनी मां पिंकी देवी ने अपने बच्चे के अपहरण की आशंका जताते हुए सहियारा थाने में रविवार को ही आवेदन दिया था। पिंकी ने दिए आवेदन में बताया था कि सन्नी शनिवार सुबह 11 बजे गायब हुआ था। तब वह गांव के मठ पर खेल रहा था। वहां से उसका पता नहीं चल पाया। उसके बाद सभी नाते-रिश्तेदारों के यहां पड़ताल की गई।

पिंकी देवी ने अपने पुत्र के अपहरण में गांव के ही निखिल कुमार, राजा कुमार के हाथ होने का संदेह जताया था। पुलिस ने शिकायत दर्ज करने के बाद दाेनों को अपनी हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ के बाद तीसरे शख्स की गिरफ्तारी हुई। पुलिस ने बताया कि दोनों नामजद आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए भूमि विवाद को लेकर हत्या की बात स्वीकार की है। दोनों की निशानदेही पर एक अन्य युवक को गिरफ्तार किया गया। वहीं हत्या में शामिल चौथा युवक चंदन कुमार फरार बताया गया है। बताते चलें कि सन्नी दो बहनों के बीच इकलौता छोटा भाई था। उसके पिता विपिन दिल्ली में मजदूरी करते हैं। घर पर पिंकी देवी और बच्चे रहते हैं। इस घटना से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। स्वजन का चित्कार कर रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी भेज दिया है।

अन्य समाचार