सीतामढ़ी में डेढ़ साल बाद भी पूरा नहीं हुआ गिरमिसानी- हरनाहिया के बीच पुल का निर्माण



बथनाहा(सीतामढ़ी), संवाद सहयोगी। डेढ़ साल बाद भी बथनाहा प्रखंड के गिरमिसानी- हरनाहिया गांव के बीच लखनदेई नदी घाट पर पुल निर्माण पूरा नहीं हुआ। इस घाट पर पुल निर्माण होने से ऐतिहासिक धार्मिक स्थल हलेश्वरनाथ शिव मंदिर के साथ ही जिला मुख्यालय का आवागमन सुगम हो जाता। यह सड़क प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों गांवों से पड़ोसी देश नेपाल को जोड़ता है। इस इलाके के लोगों को लंबी दूरी तय कर जानी पड़ती है। इस घाट पर पुल नहीं होने के कारण बाढ़ व बरसात के तीन माह जिला मुख्यालय या ऐतिहासिक हलेश्वरनाथ मंदिर जाने- आने में दो किलोमीटर की जगह दस किलोमीटर की दूरी तय करने की बाध्यता बनी रहती है। छात्र-छात्राओं को भी विद्यालय जाने में परेशानी होती है। इस पुल की लंबाई 34.22 मीटर है। इसकी प्राक्कलित राशि दो करोड़ 18 लाख 210 रुपए है। इसका शिलान्यास 15 फरवरी 2021 को किया गया था। जबकि कार्य पूर्ण की तिथि 14 फरवरी 2022 निर्धारित की गई थी।

निर्धारित तिथि के बाद भी निर्माण कार्य बंद होने से एक बार फिर इस घाट पर पुल निर्माण अधर में लटकता दिख रहा है। मालूम हो कि लोगों की मांग पर स्थानीय सांसद सुनील कुमार पिंटू व विधायक अनिल कुमार द्वारा संयुक्त रूप पुल निर्माण को लेकर शिलान्यास किया गया था। पुल निर्माण कार्य शुरू हुआ। लेकिन अब तक आधा-अधूरा पाया का निर्माण हो पाया है। जबकि संवेदक पुल निर्माण पूर्ण होने से पूर्व ही भाग निकला। इसका समुचित जबाब किसी के पास नही है। बताते चले कि शिवहर लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत होने के समय 1996 में सर्वोदयी नेता विंदेश्वरी प्रसाद सिंह की मांग पर सांसद आनंद मोहन द्वारा इस घाट पर पुल निर्माण का शिलान्यास कराया था। उस वक्त भी किसी कारणवश संवेदक आधा-अधूरा निर्माण कर फरार हो गया था। इस घाट पर पुल निर्माण को लेकर विधायक का पुतला दहन भी किया था।

अन्य समाचार