Rohtas Crime : पांच साल के बच्चे की अपहरण के बाद हत्या, मासूम के जीजा पर ही लगा हत्या का आरोप



संवाद सूत्र, चेनारी : रोहतास। स्थानीय थाना क्षेत्र के गणेशपुर गांव के बधार में स्थित एक कुएं से मंगलवार को पुलिस ने एक पांच साल के बच्चे का शव बरामद किया है। मृतक बच्चे की पहचान बड्डी ओपी क्षेत्र के खडिहा गांव निवासी उमेश पासवान के पुत्र सत्यम पासवान के रूप में हुई है।
मृतक के पिता का आरोप है कि उनके दामाद ने ही हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम करा स्वजनों को शव सौंप दिया है। घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

थानाध्यक्ष निर्मल कुमार ने बताया कि मृतक के पिता के अनुसार उनकी पुत्री ऋषि मुनि कुमारी की शादी गणेशपुर गांव निवासी संदीप पासवान से हुई है। दामाद दो सप्ताह से उनके गांव में ही रह रहा था। सोमवार को पूरा परिवार धान की कटाई करने चला गया। इसके बाद दामाद ने उनके पुत्र का अपहरण कर लिया।
बेटे के गायब होने की सूचना देर शाम स्थानीय थाने को दी गई। इसके साथ ही खोजबीन करते हुए गणेशपुर भी पहुंचे, लेकिन वह वहां नहीं मिला। आरोपित भी घर से गायब मिला। अगले दिन गांव के बधार स्थित कुएं में शव होने की सूचना मिली। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि बच्चे का शव पड़ा हुआ था।
रोहतास : अश्विनी चौबे ने नीतीश कुमार पर साधा निशाना, बोले- मुख्यमंत्री बिहार में जंगलराज के जिम्मेदार यह भी पढ़ें
पिता ने बताया कि दामाद उनकी पुत्री के साथ भी मारपीट करता था। इससे तंग आकर उनकी बेटी अधिकांश मायके में रहने लगी। इसी वजह से नाराज दामाद के इस घटना को अंजाम देने का संदेह जताया जा रहा है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को बरामद कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम ले जाया जा रहा है। स्वजनों के बयान पर प्राथमिकी की जा रही है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।

अन्य समाचार