Jehanabad Crime: मायके भेजने के बदले ससुरालवाले मांगते थे बुलेट बाइक और सोने की चेन, प्रताड़ित महिला ने दी जान



जहानाबाद, जागरण संवाददाता। जहानाबाद के काको थाना क्षेत्र के औलियाचक गांव में एक महिला ने पारिवारिक कलह से उबकर गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान खुशबू कुमारी के तौर पर की गई है। मृतका के स्वजनों ने ससुरालवालों पर हत्या करने की आशंका जताई है। बताया गया है कि काको थाना क्षेत्र के ही इसलामचक गांव के राजेश यादव ने पुत्री खुशबू की शादी छह वर्ष पूर्व औलियाचक गांव के चंदन यादव के साथ किया था। शादी के समय मांग के अनुसार दान-दहेज दिया गया था। शादी के बाद कुछ वर्ष ठीक से गुजरा और खुशबू दो बच्चों की मां भी बनी।

इसबीच ससुराल वालों ने दहेज के रूप में मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। मायके के लोगों ने बाइक भी दी । बाइक मिलतें ही उनलोगों का मनोबल और बढ़ गया और फिर से बुलेट मोटरसाइकिल और सोने की चेन मांगने लगे। शादी के बाद से ही खुशबू को मायके नहीं जानें दिया जाता था। वह जब भी मायके जाने की बात करती तो इसके बदले में ससुरालवाले बुलेट बाइक और सोने की चेन देने की बात करते थे। पारिवारिक कलह से उबकर खुशबू ने फांसी का फंदा लगा कर मौत को गले लगा लिया।

मृतका के पिता व इसलामचक निवासी राजेश यादव को सूचना मिली कि बेटी खुशबू ने पारिवारिक कलह से उबकर आत्महत्या कर ली है। वह भागा भागा औलियाचक गांव आया तो ससुराल में सभी लोग फरार पाए गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। थानाध्यक्ष अक्षयबर सिंह ने बताया कि खुशबू के ससुराल वाले फरार हो गए हैं। शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर उसके स्वजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने बताया कि विवाहिता के पिता राजेश यादव व दादा मुंगेश्वर यादव हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। वे लोग शव का दाह संस्कार के लिए फतुहां गए हैं। उनलोगों के आने के बाद ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और आगे की कार्यवाई की जाएगी।

अन्य समाचार