West Champaran News: बिहार के बगहा में आजादी के पहले से मौजूद सड़क हो गई चोरी, बची रह गई पानी से घिरी पुलिया



बगहा (पश्चिम चंपारण), संवाद सूत्र। बिहार के पश्चिम चंपारण स्थित बगहा में सड़क चोरी का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। 20 साल पहले जिस सड़क से होकर गन्ना लदी गाड़ियां बगहा चीनी मिल जाती थीं। महिला कालेज की छात्राएं पढ़ने के लिए जाती थीं। आज वह ‘चोरी’ हो गई है। आज इस पर बनी सिर्फ पुलिया मौजूद है। वह भी तीन ओर से पानी घिरी है। सड़क का अस्तित्व पूरी तरह से खत्म हो चुका है। इस वजह से तकरीबन एक दशक से इस पर आवाजाही बंद है। 

मामला बगहा नगर क्षेत्र के वार्ड 21 स्थित बनकटवा का है जहां आजादी के पहले से मौजूद सड़क को काटकर लोगों ने गायब कर दिया है। इतनी मिट्टी काटी की सड़क तालाब में तब्दील हो गई। इसकी वजह से तकरीबन एक दशक से आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। अब यहां आवागमन के लिए लोग नाव का सहारा ले रहे हैं। अतिक्रमण के चलते सड़क का अस्तित्व मिट गया है।
बताया जा रहा है कि यह पुलिया लगभग 20 वर्ष पहले पूर्णमासी राम के कार्यकाल में बना था। इस पुलिया से लोग आते जाते थे। लेकिन धीरे-धीरे पुलिया सेे जुड़े तकरीबन एक किलोमीटर का रास्ता जलजमाव के कारण पानी में चला गया, जिसके कारण सिर्फ रास्ते का प्रमाण पुलिया रह गया है। यह रास्ता सर्वे का है। इस रास्ते की चौड़ाई तकरीबन 25 से 30 फीट है। प्रशासनिक अधिकारियों के ढुलमुल रवैया के कारण यह रास्ता खत्म हो गया है। जबकि इस रास्ते से वार्ड नंबर 21 समेत सात से आठ वार्ड के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

अहिरवलिया, सकटिया, हरहाटोला, ढंडी, तुर्की, समरकोल, पिपरा, सेरवा, बृतिटोला, विशुनपुरवा, कुमिया, भौतौरा, खिरिया, समेत लगभग दो दर्जन गांव के लोगो के लिए यह सबसे सुगम रास्ता है। इस रास्ते से अनुमंडलीय अस्पताल बगहा समेत बगहा बाजार आने जाने वाले लोगों को तकरीबन सात किलोमीटर कम दूरी तय करनी पड़ेगी। इसके साथ ही बगहा के कई वार्ड के लोगों को चीनी मिल और रेलवे स्टेशन जाने के लिए दूरी कम हो जाएगी। छोटे वाहनों से लोग आते जाते हैं, लेकिन पोखरे के साइड से दूसरे के जमीन से लोग आने जाने का काम कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रास्ता पूर्व के भांति हो जाता है तो लड़कियों को दूर-दराज से महिला कॉलेज आने के लिए सुलभ रास्ता मिलेगा।

अन्य समाचार