Bihar: 'जामताड़ा' बन रहा बिहार का जमुई, यहां से दूसरे राज्य में ठगी कर रहे साइबर शातिर, पाकिस्तान तक जुड़े तार



जमुई, जागरण संवाददाता। पड़ोसी राज्य झारखंड के जामताड़ा की तरह जमुई में भी साइबर ठगों का संजाल फैल रहा है। इसे साइबर शातिरों का नया ठिकाना भी कह सकते हैं। ये शातिर उत्तर प्रदेश, हरियाणा सहित अन्य राज्यों के लोगों को झांसे में लेकर उनसे ठगी कर रहे हैं। इस काले काम में मुख्य रूप से फोन का सहारा लिया जा रहा है। कई गांवों के युवा साइबर अपराध से जुड़ रहे हैं।
हाल के दिनों में कई राज्यों की पुलिस यहां दस्तक दे चुकी है। कई शातिर पकड़े भी गए हैं। इसके बावजूद ठगों के काले कारनामे बढ़ते ही जा रहे हैं। इसी माह जमुई सदर, झाझा और खैरा से तीन ठगों को उत्तर प्रदेश और हरियाणा की पुलिस ने पकड़ा है। इससे पूर्व भी साइबर ठगी में लोग पकड़े गए हैं।

पुलिस डायरी में दर्ज साइबर अपराध के मामलों से यह साफ हो रहा है कि जमुई जिले में साइबर शातिरों की सक्रियता बढ़ी है। एक साल के आंकड़ों पर गौर करें तो इस दौरान उत्तर प्रदेश, हरियाणा व मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों की पुलिस साइबर अपराधियों की टोह में यहां पहुंची है। इस दौरान कई शातिरों की गिरफ्तारी भी हुई है।
चार दिसंबर को सदर थाना क्षेत्र के दौलतपुर से गिरफ्तार अजय कुमार मंडल ने यूपी के गंगानगर गजरौला निवासी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी मेघराज सिंह को फोन कर खुद को बैंककर्मी बताया था। केवायसी अपडेट कराने के नाम पर उसने मेघराज सिंह से जो-जो कहा, वे वैसा करते गए। अजय ने उनसे मोबाइल फोन में योनो एप डाउनलोड करवाकर ओटीपी मांगा। आधार नंबर भी ले लिया था।
Jamui : छात्राओं से छेड़छाड़, भद्दे कमेंट किए.. ड्रेस बदलते वक्त बाहर से दरवाजा कर दिया बंद, फिर चले लात-घूंसे यह भी पढ़ें
इसके बाद उनके खाते से 10 लाख रुपये निकाल लिए गए। जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंगरार, चकाई के बाराडीह, खैरा के झुंडो तथा सिकंदरा के गोखुला गांव में पूर्व से ही साइबर अपराधी सक्रिय हैं। जमुई के दौलतपुर, झाझा के आकाटांड़ तथा खैरा बाजार के युवक भी इस धंधे में शामिल हैं। मंगरार के दो शातिर ठगों का पाकिस्तान कनेक्शन तक सामने आया था। इस मामले में अभी जांच चल रही है।
Jamui Crime: बिहार में सुशासन को ठेंगा दिखाते अपराधी, समस्तीपुर के बाद जमुई में शटर काटकर लाखों के आभूषण चोरी यह भी पढ़ें
चकाई प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों साइबर ठग काफी सक्रिय हैं। साइबर ठगों का गिरोह लगातार महिलाओं को विभिन्न माध्यमों का झांसा देकर उनके खाते से रुपया उड़ा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को साइबर ठगों ने चकाई थाना क्षेत्र के बोगी पंचायत अंतर्गत बिसौली गांव की एक महिला के खाते से 21,093 उड़ा लिए।
पीड़ित महिला प्रमिला देवी ने बताया कि शनिवार को उन्हें फोन आया। फोन करने वाले ने पूछा कि कितना राशन मिलता है। इसी तरह के कई सवाल किए गए। इसके बाद ओटीपी मांगा गया। ओटीपी बताते ही महिला के खाते से करीब 21 हजार रुपए कट गए। थोड़ी देर बाद महिला को एहसास हुआ कि उसके साथ साइबर ठगी की घटना हुई है।

अन्य समाचार