Lakhisarai News: लखीसराय में नीलगाय से टकराकर बाइक सवार की मौत, गंगा स्नान के लिए बड़हिया जाने के समय हुआ हादसा



लखीसराय, जागरण संवाददाता। बिहार के लखीसराय में मंगलवार को बरहिया जाने के क्रम में एक बाइक सवार की नीलगाय से टक्कर के बाद मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही मृतक के घर में एक महिला की मौत हुई थी। श्राद्ध-भोज के बाद सभी स्वजन बड़हिया में गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। मृतक बाइक सवार की पहचान जमुई जिला अंतर्गत खैरा गोपालपुर के मनोज तांती के पुत्र ऋतिक कुमार (25) के रूप हुई है। युवकी की मौत के बाद स्वजनों में चीख पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार की ऋतिक कुमार बाइक से गंगा स्नान करने बड़हिया की ओर जा रहा था। 15 दिन पूर्व उसके घर में एक महिला की मौत हो गयी थी। मंगलवार को उसके घर के कई लोग बड़हिया गंगा स्नान करने के लिए जा रहे थे। सभी स्वजन अलग वाहन पर थे। जबकि ऋतिक बाइक से अकेला जा रहा था। बड़हिया-लखीसराय एनएच 80 पर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव के पास बाइक के सामने अचानक एक नीलगाय आ गई। इससे बाइक सवार की उससे टक्कर हो गई।

घटना में युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से युवक को आनन फानन में इलाज के लिए रेफरल अस्पताल बड़हिया पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, घरवालों को इसकी सूचना मिलते ही कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अन्य समाचार