Samastipur: पड़ोसियों ने बुजुर्ग की ईंट और डंडे से पीटकर की हत्‍या, एक महिला समेत 3 गिरफ्तार



शाहपुर पटोरी, संवाद सूत्र: पटोरी थाना क्षेत्र के धर्मपुर बांदे गांव में बुधवार की सुबह दो पक्षों के बीच हुए भूमि विवाद में एक बुजुर्ग की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान धर्मपुर बांदे गांव निवासी वीरेंद्र झा (70) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वीरेंद्र झा का अपने पड़ोसी अर्जुन झा से पिछले कई वर्षों से भूमि विवाद चल रहा था।
इस घटना में मृतक की पत्नी मीरा देवी के बयान पर पटोरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जिसमें अर्जुन झा के परिवार के आठ लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है। थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने बताया कि घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के आरोपित यशोधर झा के पुत्र अर्जुन झा, अर्जुन झा के पुत्र अभिमन्यु झा एवं अर्जुन झा की पत्नी रेखा देवी को गिरफ्तार कर लिया है।

पटोरी पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेजा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक वीरेंद्र झा का लंबे समय से भूमि विवाद पड़ोसी अर्जुन झा के साथ चल रहा था। बुधवार की सुबह अर्जुन झा और उसके परिवार के सदस्यों ने उक्त विवादित भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया, जिसका वीरेन्द्र झा के परिवार ने विरोध किया।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर झड़प शुरू हो गई, जिसमें लाठी-डंडे, ईंट आदि का उपयोग किया गया। इस दौरान दूसरे पक्ष ने ईंट और डंडे से वीरेंद्र झा की बेरहमी से पिटाई की। बीच-बचाव के लिए अचानक पहुंचे वीरेंद्र झा के परिचित, सुनील कुमार राय और वीरेंद्र झा की पत्नी मीरा देवी समेत दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए।
रोसड़ा में सेंट्रल बैंक लूटकर भागे एक बदमाश को स्थानीय लोगों ने पकड़ा, रुपयों से भरा दो बैग और एक कार्टन बरामद यह भी पढ़ें
परिवार के सदस्यों ने आनन-फानन में वीरेंद्र झा, उनकी पत्नी मीरा देवी और सुनील कुमार को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पटोरी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने वीरेंद्र झा के मौत की पुष्टि कर दी। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
यह भी पढ़ें- Chhapra Hooch Tragedy: जहरीली शराब पीने से अब तक 25 की मौत, तीन शवों का बिना पोस्टमार्टम कर दिया अंतिम संस्कार

अन्य समाचार