'मरने वाले गरीब, इसलिए संवेदनहीन हो गए हैं मुख्यमंत्री'- सांसद अश्विनी चौबे ने साधा नीतीश पर निशाना



बक्सर, जागरण संवाददाता। केंद्रीय मंत्री और स्थानीय सांसद अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि बिहार में जहरीली शराब पीकर मरने वालों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। अभी तक जहरीली शराब पीकर 67 लोगों की मौत हो गई है। इस दर्दनाक मामले पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार संवेदनहीन बयान इसलिए दे रहे हैं, क्योंकि मरने वाले गरीब हैं।

उन्होंने कहा कि बिहार में जितने भी मुख्यमंत्री हुए हैं, उनमें नीतीश कुमार सबसे संवेदनहीन मुख्यमंत्री हैं। उनकी फर्जी शराबबंदी की कीमत बिहार की जनता को उठानी पड़ रही है। आज बिहार में मौत का मातम है और वह मुस्कुराते हुए संवेदनहीन बयान दे रहे हैं। महागठबंधन शराब माफिया को प्रश्रय दे रहा है।

प्रशासन का सहयोग मिलता है। बिहार की जनता राजद, जनता दल यूनाइटेड कांग्रेस और उनके अन्य सहयोगी दलों को देख रही है। जनता सब समझ रही है। उन्होंने कहा है कि जब रोम जल रहा था, नीरो बंसी बजा रहा था। वही हाल नीतीश कुमार का है, बिहार में मातम पसरा हुआ है और वह जले पर नमक छिड़क रहे हैं। मौत को हंसी में उड़ा रहे हैं।

अन्य समाचार