पूर्वी चंपारण में यूरिया के लिए खड़ीं आठ महिलाएं करंट से झुलसीं, मारपीट का वीडियो भी वायरल



अरेराज (पूर्वी चंपारण), संवाद सहयोगी। अरेराज प्रखंड क्षेत्र के लौरिया इफको बाजार में मंगलवार की शाम करीब साढ़े चार बजे यूरिया लेने के लिए कतारबद्ध आठ महिलाएं करंट लगने से झुलस गईं। उन्हें अरेराज अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरोप है कि भीड़ कम करने के लिए संचालक ने ही खिड़की की रॉड (लोहे की छड़) में करंट लगा दिया था। उसी की चपेट में महिलाएं आईं। मौके से इफको बाजार का मैनेजर रोहित कुमार भाग निकला। घटना को लेकर किसानों में आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार, जिले में यूरिया के लिए हाहाकार मचा हुआ है। कई दुकानों पर रात से ही लाइन लग रही है। मंगलवार को भी लौरिया इफको बाजार पर यूरिया के लिए सुबह से भारी भीड़ थी। शाम को लाइन में लगीं महिलाएं अपनी बारी का इंतजार कर रही थीं।
घटना के संबंध में मौके पर खाद लेने पहुंचे परवेज आलम ने बताया कि इफको बाजार के कर्मचारियों ने ही रॉड में करंट लगाया था। भीड़ नियंत्रित करने के लिए डंडा चलाने के दौरान सबसे आगे खड़ीं रढ़िया पंचायत की 60 वर्षीय जमुनी देवी ने संभलने के लिए रॉड पकड़ ली और करंट की चपेट में आ गईं।

जमुनी देवी के अलावा वहां मौजूद अरेराज प्रखंड अंतर्गत रढ़िया पंचायत की मीना देवी (65), उर्मिला देवी (50), कांति देवी (40), नसीमा खातून (35), सुनैना देवी (42), अरेराज की हसनतारा (55) व जनेरवा की सुनीता देवी (38) को भी करंट लग गया। करंट लगने से ये सभी महिलाएं झुलस गईं।
घटना की सूचना पर अरेराज ओपी के अध्यक्ष कंचन भास्कर मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। गनीमत रही कि समय रहते महिलाएं करंट से दूर हो गईं वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

संग्रामपुर प्रखंड मुख्यालय के मिश्रग्राम स्थित इफको बाजार के गोदाम पर हुई मारपीट का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोग एक युवक की बेरहमी से पिटाई करते दिख रहे हैं। युवक सुबह चार बजे से गोदाम पर आया था। उसे जानकारी मिली थी कि आठ सौ बोरी यूरिया आई है।
जैसे ही सुबह हुई, इफको गोदाम से जुड़े बिचौलिए पहुंचे और युवक को वहां से निकालकर लाइन में आगे हो गए। इसे लेकर मारपीट शुरू हो गई। बता दें कि इफको गोदाम में कार्यरत कर्मी ने स्थानीय स्तर पर एक दर्जन ऐसे लोगों को रखा है, जो यूरिया उठाव कर गोदाम के समीप ही मनमानी कीमत पर बेचते हैं।

अन्य समाचार