Samastipur Crime: विदेश मंत्रालय के अधिकारी से मांगी 10 लाख रुपये की रंगदारी, पर्चा चिपकाकर दी खुली धमकी



समस्तीपुर, जागरण संवाददाता। बिहार के समस्तीपुर जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस प्रशासन उनके सामने बेबस नजर आ रही है। बीते दिनों जिले में करोड़ों की लूटकांड के बाद अब विदेश मंत्रालय के अधिकारी के घर पर पर्चा चस्पा कर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कर्पूरीग्राम निवासी लक्ष्मण प्रसाद सिंह के घर बदमाशों ने 10 लाख रुपये रंगदारी का पर्चा चस्पा कर इलाके में दहशत फैला दिया। बुधवार को सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। घटना के बाद आसपास के लोग भयभीत हैं। पीड़ित के रिश्तेदार वैशाली जिला के संजय सिंह ने स्थानीय पुलिस से शिकायत की है।

जानकारी के मुताबिक, कर्पूरीग्राम निवासी वार्ड संख्या 5 निवासी लक्ष्मण प्रसाद सिंह विदेश मंत्रालय में कार्यरत हैं। बीते कई सालों से परिवार के साथ दिल्ली में रहते हैं। वहीं, उनके पुत्र दीपक सिंह लंदन में रहते हैं। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, लक्ष्मण सिंह की पुत्री और दामाद संजय सिंह पैतृक मकान में आते-जाते रहते हैं। अक्सर मकान में ताला ही लगा रहता है। 
वहीं, गृहस्वामी के दामाद संजय सिंह ने बताया कि बीते 20 नवम्बर को बदमाशों ने घर के बाहर हवाई फायरिंग भी की थी। इस बीच मंगलवार को किसी असामाजिक तत्व ने मकान के बाहर दरवाजे पर एक पर्चा चस्पा किया। उसपर दस लाख रुपये रंगदारी देने और मांग पूरी नहीं होने पर घर के सदस्यों की हत्या की धमकी दी गई है। साथ में लिखा है कि अगली बार हवा में फायरिंग नहीं होगा। पर्चा लिखने वाले ने अपना नाम राणा लिखा है। स्थानीय ग्रामीणों को दरवाजे पर पर्चा नजर आया। इसके बाद तत्काल गृहस्वामी और उनके रिश्तेदारों को इसकी सूचना दी।
Samastipur Crime: समस्तीपुर में 10 हजार रिश्वत लेते दारोगा गिरफ्तार, धक्का-मुक्की हुई तो स्थानीय लोगों ने घेरा यह भी पढ़ें
थानाध्यक्ष प्रवीण मिश्रा ने बताया कि मामले की छानबीन जारी है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। प्रथम दृष्टया परिवार के सदस्यों को डराने के लिए असामाजिक तत्वों की कोई साजिश प्रतीत हो रहा है। आवेदन मिलते ही अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।

अन्य समाचार