Khagaria Crime : मक्का कारोबारी दंपती की धारदार हथियार से हत्या, शव अलग-अलग कमरे में रख बाहर से लगा दिया ताला



खगड़िया, जागरण संवाददाता। खगड़िया में मक्का व्यवसायी मनोज साह दंपती की निर्मम हत्या उनके ही मालगोदाम मार्ग स्थित चार मंजिला मकान में कर दी गई। पति-पत्नी के शव मकान की दूसरी मंजिल पर मिले। अपराधियों ने तेजधार हथियार से हमला कर दोनों की हत्या की और शवों को अलग-अलग कमरे में रखकर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, मृतक मनोज साह (50 वर्ष) और उनकी पत्नी सुनीता साह (45) का शव गुरुवार को पुलिस द्वारा कमरे का ताला तोड़कर बरामद किया गया। सदर एसडीपीओ सुमित कुमार ने बताया कि फॉरेंसिंक टीम बुलाई गई है। टीम की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु अस्पताल भेजा जाएगा।

मक्का व्यवसायी मनोज का घर अलौली बाजार के पीछे है और वे खगड़िया के मालगोदाम रोड में चार मंजिला भवन में रहते थे। घर की दूसरी मंजिल पर ही मृतक सुनीता साह ब्यूटी पार्लर चलाती थीं। घर में लगे सीसीटीवी की जांच को लेकर नीचे के कमरे का ताला तोड़ा गया है।
इधर, मृतक मनोज की मां व स्वजनों ने आरोप लगाया है कि इस निर्मम हत्या में मनोज के बड़े पुत्र, जो स्माइकर है, उसका हाथ हो सकता है। उसने पहले भी पिता पर हमला कर लहूलुहान कर दिया था और 15 दिन पहले घर में आग लगा दी थी।

उधर, मृतक सुनीता की भाभी पिंकी देवी और मनोज की सास दौलत देवी ने मनोज के दोनों भाइयों पर संपत्ति के लालच में हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों भाइयों ने मनोज के बैंक एकाउंट में नॉमनी बनने को लेकर बैंक में संपर्क किया था। आसपास के लोगों ने बताया कि मनोज साह को दो पुत्र हैं।
छोटा पुत्र आशीष कोटा में पढ़ता है। जबकि बड़ा पुत्र आदर्श उर्फ मौसम स्माइकर है। वह घर में मारपीट करता था। 10 दिन पहले ही मनोज ने बड़े पुत्र को रांची के अस्पताल में भर्ती कराया था। स्थानीय लोगों को आशंका है कि हो सकता है आदर्श उर्फ मौसम रांची के अस्पताल से भाग गया हो और उसने ही वारदात अंजाम दी हो।

गुरुवार दोपहर अलौली क्षेत्र में संचालित दो गल्ला दुकानों की चाभी लेकर दुकान के कर्मी जब व्यवसायी के घर पहुंचे तो ताला लगा हुआ था। हल्ला करने पर किसी ने आवाज नहीं दी। तब आसपास के लोगों को जानकारी दी गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। तब पुलिस ने पहुंचकर कमरे का ताला तोड़ा, तो दोनों के शव अलग-अलग कमरे में पड़े मिले। हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया था।

रांची में भर्ती कराए गए मृतक के पुत्र का पता लगाया जा रहा है कि वह वहां के अस्पताल में है अथवा भाग गया है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश हो जाएगा। -सुमित कुमार, एसडीपीओ सदर, खगड़िया


अन्य समाचार