Darbhanga: खराब मौसम हवाई यात्रियों के लिए बना आफत, आज भी प्रभावित हो सकती है विमान सेवा



जागरण संवाददाता, दरभंगा: उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का असर दिखने लगा है। खराब मौसम की वजह से उड़ान सेवाएं प्रभावित हो रही है। मौसम खराब होने के कारण कई उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा है या वापस लौटना पड़ा है। इसी बीच घने कोहरे की दस्तक के साथ ही दरभंगा एयरपोर्ट से विभिन्न शहरों के लिए संचालित होनेवाली विमान सेवाएं बुरी तरह से प्रभावित होने लगी हैं।
दरभंगा एयरपोर्ट पर लो विजिबलिटी के कारण उड़ानों के प्रभावित होने की सूचना सेवा प्रदाता कंपनी स्पाइस जेट ने शनिवार को भी अपने ट्विटर हैंडल पर साझा की है। इस सिलसिले में कंपनी की ओर से जारी की गई सूचना में कहा गया है कि दरभंगा में खराब मौसम के कारण उड़ान भरनेवाली सभी फ्लाइटें प्रभावित हो सकती हैं। कंपनी की आधारिक साइट पर जो जानकारी साझा की गई है उसके अनुसार पहली फ्लाइट एसजी- 751 एक घंटे बीस मिनट की देरी से दिल्ली से उड़ान भरेगी।

इसी तरह दरभंगा से दिल्ली के लिए पहली फ्लाइट एक घंटे बीस मिनट की देरी से उड़ान भरेगी। वहीं दूसरी फ्लाइट एसजी-8495 आन टाइम बताई गई है। मुंबई से दरभंगा की फ्लाइट आन टाइम बताई गई है। हैदराबाद से दरभंगा की फ्लाइट समय पर है। वहीं कोलकाता व हैदराबाद की भी फ्लाइट के प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

बता दें कि इससे पहले गुरुवार को दरभंगा एयरपोर्ट से कोहरे के कारण एक भी फ्लाइट नहीं उड़ी। वहीं शुक्रवार को छह उड़ाने रद रहीं। इस कारण से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से पहाड़ी इलाकों में लगातार बर्फबारी जारी है। इसके रुकने के साथ ही बिहार समेत दर्जनों जिलो में लोगों को शीत लहर से राहत मिलेगी। वहीं इलाके में अगले तीन दिनों के अंदर बारिश की भी संभावना जताई जा रही है।

अन्य समाचार