Madhubani News : बेटी से मिलने नेपाल जा रहे बुजुर्ग का शव मिला, ठंड से मौत की आशंका, जांच में जुटी पुलिस



हरलाखी, संस। स्थानीय थाना क्षेत्र में पिपरौन गांव स्थित सहलेश स्थान के बरामदे से एक 70 वर्षीय वृद्ध का शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान खिरहर थाना क्षेत्र स्थित झिटकी गांव निवासी श्री महतो के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक श्री महतो अपनी बेटी से मिलने सोमवार की दोपहर बाद नेपाल जाने के लिए घर से निकला था।
रास्ते में घर से करीब दस किमी दूर स्थित नेपाल बार्डर से सटे पिपरौन गांव में शाम होने पर सलहेश गहबर स्थान में बिछाए पुआल पर सो गया। सुबह जब कुछ स्थानीय लोग सलहेश स्थान की ओर गए तो वृद्ध को मृत पाया। इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने हरलाखी थाना पुलिस को दी।

इस घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अनोज कुमार ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की प्रक्रिया शुरू की। कुछ देर के बाद शव की पहचान हुई। इसके बाद मृतक के स्वजन को जानकारी दी गई। मृतक के स्वजन की सहमति से पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी भेज दिया।
पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। थानाध्यक्ष अनोज कुमार ने बताया कि वृद्ध की मौत ठंड के कारण हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि मृतक का एक पुत्र है, जो बाहर रहता है। घर पर पुत्रवधू और पोता-पोती रहते हैं।

बताया जा रहा है कि नेपाल में उनकी दो-दो बेटियों की शादी हुई है। एक बेटी की शादी नेपाल बिनिनिया गांव एवं दूसरी बेटी की शादी फुलगामा गांव में है। वृद्ध के घर से उनकी बेटियों का ससुराल करीब 20-25 किमी दूरी पर स्थित है। हालांकि, वह बीमार नहीं रहा करता था। उसके पास पर्याप्त कपड़ा व कंबल भी था।

अन्य समाचार