फर्जी प्रमाण पत्र से हासिल की थी नौकरी, अब सेवामुक्त होगा आरोपी शिक्षक, वेतन की भी होगी रिकवरी



संवाद सहयोगी, डुमरांव (बक्सर)। कोरानसराय थाना क्षेत्र के कंझरुआ पंचायत स्थित मध्य विद्यालय चुआड़ में फर्जी प्रमाणपत्र पर नौकरी कर रहे शिक्षक पर सेवामुक्त की कार्रवाई की गई है। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना शाखा) ने स्थानीय प्रखंड के पंचायती राज पदाधिकारी प्रखंड नियोजन इकाई के सचिव को पत्र भेजकर फर्जी प्रमाण पत्र पर नौकरी करने वाले शिक्षक महेंद्र कुमार सिंह को सेवामुक्त करते हुए वेतनादि मद में भुगतान किए गए राशि वसूली की कार्रवाई का आदेश दिया है।


निगरानी जांच अन्वेषण ब्यूरो के ज्ञापांक 68 (28/11/2022) के द्वारा प्रखंड शिक्षक महेंद्र कुमार सिंह के खिलाफ कोरान सराय थाना कांड संख्या 141/22 के तहत प्राथमिकी कराई गई थी। फर्जीवाड़ा मामले में सेवामुक्त शिक्षक महेंद्र कुमार सिंह पिता जागेश्वर प्रसाद सिंह, ग्राम बंझूडेरा थाना डुमरांव के निवासी हैं।
आरोपित शिक्षक कनझरूआं पंचायत के मध्य विद्यालय चुआड़ में पदस्थापित हैं। इन्होंने वर्ष 2014 में नियोजन हेतु आवेदन दिया था। आरोपित के द्वारा शिक्षक नियोजन के लिए इंटर का स्वहस्ताक्षरित अंक प्रमाण पत्र फर्जी दिया गया है।
Buxar Crime : लड़कियों से बदतमीजी करने से टोका, दूसरे गांव के लड़कों ने कर दी फायरिंग, एक गिरफ्तार यह भी पढ़ें
दर्ज प्राथमिकी में बताया गया है कि आरोपित महेंद्र कुमार सिंह फर्जी लोगों के साथ मिलकर शिक्षक की नौकरी पाने के लिए फर्जीवाड़ा किया गया है, जो एक संज्ञेय अपराध है। फर्जी नियोजन में अज्ञात की संलिप्तता के संबंध में भी अनुसंधान चल रहा है।
यही नहीं फर्जी तरीके से नियोजित शिक्षक महेंद्र सिंह के द्वारा उच्च न्यायालय, पटना द्वारा दी गई माफी अवधि में भी त्याग पत्र नहीं दिया गया। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में ऐसा मामला आने के बाद फर्जी प्रमाणपत्र पर नौकरी करने वाले शिक्षकों के बीच हड़कंप का माहौल कायम है।


अन्य समाचार