Munger Crime : पुलिस के मुखबिर हो; ये बोलकर किसान को मारी गोली, छह राउंड से ज्यादा किए फायर



संवाद सहयोगी, मुंगेर। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के टीकारापुर स्थित बुद्धन मरर टोला गांव में रविवार की सुबह बदमाशों ने किसान दिनेश कुमार पर हत्या की नीयत से आधा दर्जन से ज्यादा चक्र गोलियां चलाईं। किसान के बायें में पैर में एक गोली लगी। किसान को जख्मी हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
वारदात की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाने से पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस के तीन खाली खोके बरामद किए हैं। अस्पताल में जख्मी किसान ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह सुबह आठ बजे घर के बाहर अलाव ताप रहा था।

इस बीच गांव के रंजीत सिंह, रामप्रवेश सिंह, विकास सिंह और अजय सिंह हाथ में कट्टा लेकर पहुंचे और कहा पुलिस की मुखबिरी करते हो। यह कहते हुए लगातार कई चक्र गोलियां चला दीं। गोली बायें पैर में लगी है। जख्मी ने बताया कि ये सभी लोग शराब की तस्करी करते हैं।
पुलिस ने शराब की खोज में रंजीत के यहां छापेमारी भी की थी। मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिन्हा ने कहा कि मामला आपसी दुश्मनी और शराब की तस्करी से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। इस मामले में नौ लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
केंद्रीय राज्य मंत्री के यूरिया की कालाबाजारी वाले बयान पर ललन सिंह का पलटवार, बोले- भ्रम फैला रहे किशोर यह भी पढ़ें
मुफस्सिल पुलिस ने मुखबिरी की बात से इन्कार किया है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष ने बताया कि जख्मी दिनेश खुद के बचाव के लिए पुलिस की मुखबिरी की बात कह रहा है। पुलिस ने इन सभी बातों से साफ मना किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि हर पहलु से मामले की जांच की जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
मुफस्सिल पुलिस ने कहा कि 2022 के अक्टूबर माह में बुद्धन मरर टोला निवासी सुजीत कुमार ने खुद ही अपने बेटे साेनू का अपहरण कराया था। पुलिस ने सोनू को अररिया के फारबिसगंज से बरामद किया था। जांच में मामला पूरी तरह साफ हुआ कि पिता ने ही लोगों को फंसाने के लिए बेटे के अपहरण की साजिश रची थी। सुजीत जेल में बंद है। इस मामले में रंजीत सिंह को नामजद किया गया था। इसी आक्रोश में रंजीत ने घटना को अंजाम दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


अन्य समाचार