Bihar News: बगहा में कार और ट्रैक्टर में आमने-सामने की भिड़ंत, छह घायल, नशे में गाड़ी चला रहा जाइलो चालक




जागरण संवाददाता, बगहा। नगर परिषद कार्यालय के समीप मंगलवार की रात ट्रैक्टर और कार की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक समेत कार सवार छह लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
हादसा मंगलवार रात करीब 12.30 बजे हुआ। कार सवार वाल्मीकिनगर से लौट रहे थे। तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर से कार की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर दो भाग में बंट गया। स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में दबे लोगों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। छह घायलों में दो की हालत गंभीर है। जिन्हें बेतिया के जीएमसीएच रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली थाना क्षेत्र के छपवा गांव के 13 लोग जाइलो कार पर सवार होकर वाल्मीकिनगर से लौट रहे थे। कार चालक नशे में था। वह दूसरे लेन में काफी तेज गति से कार चला रहा था। तभी बगहा की ओर से आ रहे ट्रैक्टर से भिड़ंत हो गई। ट्रैक्टर पर सवार शास्त्री नगर निवासी चंद्रभूषण सहनी और रमेश सहनी को गंभीर चोट आई हैं। जिन्हें अनुमंडलीय अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसीएच रेफर किया गया है। जाइलो कार में सवार रूपा देवी, बेदामो देवी, कुशमा सहित चार लोग जख्मी हो गए हैं। इनका इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है।
Bagaha: बगहा में बाघ का आतंक, सात साल की बच्ची समेत दो पर हमला; चार दिन में जंगली जानवर के हमले की दूसरी घटना यह भी पढ़ें

ट्रैक्टर चालक ने बताया कि वह खर गिराकर शास्त्रीनगर वापस लौट रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर दो भाग में बंट गया। नगर थाने की पुलिस दोनों वाहनों को थाने ले आई। मामले में थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि गश्ती दल के पुलिस अधिकारी एएसआई नवल किशोर के बयान पर जाइलो चालक सुगौली थाना क्षेत्र के छपवा गांव निवासी लालबाबू राउत को गिरफ्तार कर लिया है।

अन्य समाचार