Samadhan Yatra: दरभंगा पहुंचे CM नीतीश कुमार, बोले- विश्व के हर व्यक्ति की थाली में पहुंचाना है यहां का मखाना



जागरण संवाददाता, मनीगाछी (दरभंगा) : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समाधान यात्रा के क्रम में गुरुवार को मनीगाछी के ब्रह्मपुरा भटपुरा पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ब्रह्मपुरा भटपुरा पंचायत के वार्ड संख्या दो में दलित बस्ती का निरीक्षण कर लोगों से संवाद किया। भटपुरा में मुख्यमंत्री ने मखाना प्रोसेसिंग में लगे लोगों की समस्या को भी सुना।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सड़क के किनारे लगे मखाना कृषि प्रसंस्करण के प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मखाना प्रोसेसिंग में लगे सरस्वती देवी, मीरा देवी, विनोद सहनी आदि के काम को देखा। प्रोसेसिंग कर रहे लोगों ने सीएम से शिकायत की कि उन्होंने मेहनत के हिसाब से मुनाफा नहीं मिलता है। सरकार इस पर ध्यान दे और मखाना का समर्थन मूल्य घोषित करे। मखाना प्रोसेसिंग का काम कर रहे लोगों ने मुख्यमंत्री को अपना हाथ दिखाया। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि अब तक टीवी पर ही मखाना प्रोसेसिंग को देखता था। अब आप लोगों की परेशानी से अवगत हुए हैं। आपको मेहनताना मिलेगा। नीतीश ने आगे कहा कि मखाना अभी 21 देशों में पहुंचा है। पूरे विश्व के हर व्यक्ति की थाली में मखाना का व्यंजन पहुंचाना है। सरकार इसके लिए संकल्पित है।

मंदिर परिसर में असामाजिक तत्व ने राजा शैलेश की मूर्ति तोड़ी, लोगों ने जमकर किया हंगामा; एक आरोपी गिरफ्तार यह भी पढ़ें
इससे पहले झंझारपुर से पहुंचे मुख्यमंत्री का एनएच 57 पर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री ललित यादव और बेनीपुर के विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी के नेतृत्व में राजद-जदयू कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। यहां से आगे बढ़ने पर वरीय उप समाहर्ता पुष्पिता झा के नेतृत्व में बच्चियों ने स्वागत गान 'आएल छत पाहुन...' प्रस्तुत किया।
इसके अलावा सीएम नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक रोजगार योजना के तहत 10 लोगों को पांच-पांच लाख का रुपये, तलाकशुदा पांच महिलाओं को 25-25 हजार रुपये का चेक प्रदान किया। अतंरजातीय विवाह करने वाले तीन लोगों को एक-एक लाख चेक दिया। दिव्यांग निभा कुमारी, अरविंद कुमार और पल्लवी कुमारी को एक-एक लाख का चेक सौंपा। अंचलाधिकारी के नेतृत्व में 17 लोगों को बासगीत का पर्चा दिया। मुख्यमंत्री आवास योजना के सात लाभुकों को प्रथम चरण में 40-40 हजार का चेक दिया। मुख्यमंत्री परिवहन योजना के तहत छह लोगों को गाड़ी की चाबी सौंपी।

इसके साथ ही उन्होंने जीविका दीदी रीना देवी द्वारा संचालित जनरल स्टोर का जायजा लिया। वार्ड संख्या दो की बस्ती में भ्रमण कर नल जल टॉवर और नली गली को देखा। इसके साथ ही सामुदायिक बैठक का उद्घाटन भी किया। पंचायत सरकार भवन, अपशिष्ट प्रबंधन इकाई और आंगनबाड़ी केंद्र का शिलान्यास किया।

अन्य समाचार