Bettiah Crime : कालीबाग में दो गुटों में झड़प, दोनों ओर से खूब चले पत्थर, डेढ़ घंटे तक मची रही अफरा-तफरी



जासं, बेतिया। नगर के बुलाकी सिंह चौक के समीप गुरुवार की दोपहर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। आक्रोशित लोगों ने एक-दो वाहनों में भी तोड़फोड़ की। घटना में कुछ लोगों को मामूली चोटे आई हैं। नगर थानाध्यक्ष सहित कुछ पुलिसकर्मियों को भी चोट लगी है।
घटना को लेकर बुलाकी सिंह चौक से कालीबाग मंदिर जाने वाले रास्ते में करीब डेढ़ घंटे तक अफरा-तफरी की स्थिति रही। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस सेवा मौके पर पहुंच स्थिति नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन नाकाम होने और स्थिति को बिगड़ते देख पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी।

सूचना पर एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीपीओ मुकुल परिमल पांडेय, नगर व आसपास के चार थाने की पुलिस मौके पर पहुंच स्थिति को नियंत्रित किया। अभी स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन तनाव बना हुआ है। एहतियातन जगह-जगह पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
बताया जाता है कि बुलाकी सिंह चौक के समीप सड़क किनारे कुछ व्यवसायियों की गाड़ी लगती है। इन गाड़ियों से यहां फल व अन्य सामान उतारे जाते हैं। गाड़ियों से टैक्स वसूलने को लेकर तीन-चार दिन पहले दो युवकों में विवाद हुआ था। उस समय मामला रफा-दफा हो गया था।
Bihar Weather: जानलेवा साबित हो रहा घना कोहरा, बारात से लौट रही कार नहर में गिरने से दो की मौत, दो घायल यह भी पढ़ें
गुरुवार को गाड़ियों से टैक्स वसूलने के लिए कुछ युवक पहुंचे। इसी बात को लेकर दो गुटों में बकझक होने लगी। बात बढ़ने पर युवकों ने दूसरे इलाके से कुछ अन्य युवकों को बुला लिया। दूसरे गुट के लोग भी एकजुट हो गए। देखते ही देखते दोनों ओर से पथराव होने लगा।
लोग एक दूसरे पर ईंट-पत्थर व शीशे की बोतलें आदि फेंकने लगे। पूरा इलाका रण क्षेत्र में बदल गया। आसपास के लोग इधर-उधर भागने लगे। लोगों ने अपने-अपने घरों का दरवाजा बंद कर लिया। घटना में कुछ लोगों को मामूली चोटे आईं। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
Bihar News: बगहा में कार और ट्रैक्टर में आमने-सामने की भिड़ंत, छह घायल, नशे में गाड़ी चला रहा जाइलो चालक यह भी पढ़ें
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन लोग एक-दूसरे को मारने पर आमादा थे। इस कारण शुरू में पुलिस को भी पांव पीछे खींचने पड़े। पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी। इसके बाद एसपी सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी व जवान मौके पर पहुंचे।
अधिक पुलिसबल के मौके पर पहुंचने पर स्थिति को नियंत्रित किया गया। इस संबंध में एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने बताया कि वाहन पार्किंग को लेकर दो लड़कों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच पत्थरबाजी हुई है। पुलिस कैंप कर रही है। स्थिति शांतिपूर्ण है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से दोषियों की पहचान कर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

अन्य समाचार