सुधाकर सिंह बोले: खाद कालाबाजारियों का बड़ा रैकेट बिहार में कर रहा काम, मैंने शिकंजा कसा तो उन्हें पेटदर्द हुआ



जागरण संवाददाता, सासाराम (रोहतास)। सरकार के पूर्व कृषि मंत्री और रामगढ़ विधानसभा से राजद विधायक सुधाकर सिंह ने एक बार फिर सरकार की व्यवस्था पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में उर्वरक कालाबाजारियों का बड़ा रैकेट काम कर रहा है। वे गुरुवार को प्रखंड के बराढ़ी गांव में अमरा तालाब - नहौना पथ के पुर्ननिर्माण के लिए लगभग दो माह से धरने पर बैठे किसानों से मिलने पहुंचे थे।
पूर्व कृषि मंत्री ने कहा कि इन्हीं कालाबाजारियों व भ्रष्टाचारियों पर मैंने शिकंजा कसना शुरू किया तो सरकार में बैठे कुछ लोगों के पेट में दर्द होना शुरू हो गया। सुधाकर सिंह ने किसानों की फर्टिलाइजर संबंधित मांग पर बोलते हुए कहा कि अगर कोई भी सरकार किसानों की दर्द को नहीं समझ सकती तो उसके परिणाम अच्छे नहीं होंगे।

उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि मुझे नहीं पता कि इस क्षेत्र की इतनी महत्वपूर्ण सड़क का ऐसा हाल किसकी लापरवाही से हुआ है। सुधाकर सिंह ने कहा कि आने वाले सात-आठ महीने में इस सड़क का निर्माण शुरू कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
सुधाकर सिंह ने पप्पू यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुछ लोग चर्चाओं में रहने के लिए इस तरह की बयानबाजी जरूर करेंगे। उस पर हमें ध्यान देने की जरूरत नहीं है। विधानसभा और आम जनता के फोरम पर ही हम सवाल-जवाब करते हैं। नीतीश कुमार की समाधान यात्रा पर उन्होंने कहा कि उस यात्रा को लेकर वरीय नेता शिवानंद तिवारी, जीतन राम मांझी जैसे लोग अपना बयान दे चुके हैं।


अन्य समाचार