Araria Crime: नरपतगंज में पुलिस को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, भीड़ ने रायफल छीनने का भी किया प्रयास; चार जवान घायल



फुलकाहा (अररिया), संवाद सूत्र। अररिया जिले में भूमि विवाद की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने हमला बोल दिया। उनकी राइफल छीनने का प्रयास किया गया। इस दौरान पुलिस कर्मी जान बचाकर भागे, लेकिन बदमाशों ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। होमगार्ड के एक जवान को घर में बंद कर दिया। यह घटना गुरुवार को नरपतगंज प्रखंड के घूरना थाना क्षेत्र स्थित पथराहा पंचायत के नड़हौआ गांव में हुई। बदमाशों के हमले में चार पुलिस कर्मी घायल हो गए। हमलावरों ने पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त कर दी। बदमाशों ने घूरना थानाध्यक्ष राजनंदिनी को भी घेर लिया और कहासुनी की।

बताया गया कि मारपीट के दौरान होमगार्ड के जवान से रायफल छीनने का भी प्रयास किया, लेकिन किसी तरह जवान वहां से भाग निकला और पुलिस वाहन में जाकर बैठ गया। बदमाश वहां भी पहुंच गए और जवान को वाहन से बाहर खींच कर लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। घूरना थानाध्यक्ष राजनंदनी भूमि विवाद में दिए आवेदन पर पुलिस बल के साथ जांच करने पहुंचे थे। वहां पहले से क्रिकेट मैच चल रहा था। इसमें अंतरजिला बदमाश मु. नेहाल भी शामिल था।

पुलिस ने बताया कि नेहाल सुपौल जिले के बलुआ बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत कुशहर का रहने वाला है। पुलिस को वहां देखकर निहाल भागने लगा। पुलिस को शक हुआ तो उसे खदेड़ कर पकड़ लिया। इतने में चारों ओर से उसके सहयोगियों ने थानाध्यक्ष समेत पुलिस टीम को घेर लिया और बेट-बल्ला से हमला कर दिया। हल्ला सुनकर अन्य उपद्रवी भी गांव से लाठी-डंडा लेकर आ गए और पुलिस से मारपीट करने लगे।

इस बीच थानाध्यक्ष ने उपद्रवियों से होमगार्ड जवान को छोड़े जाने की गुहार भी लगाई, लेकिन उपद्रवियों ने थानाध्यक्ष की एक भी नहीं सुनी। थानाध्यक्ष के मना करने के बाद भी उनलोगों ने पुलिस को मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस वाहन का शीशा तोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि गजाला खातून और शकील खान के बीच वर्षों से भूमि विवाद चल रहा है। इसमें गजाला के द्वारा कई बार आवेदन दिया गया था। इसी की जांच के लिए वहां टीम गई थी। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद बदमाश नेहाल पर सुपौल जिले के कई थानों में केस दर्ज है। इसके अलावा फारबिसगंज, घूरना, नरपतगंज के थानों में उसके खिलाफ मामले दर्ज है। पुलिस ने बताया कि दूसरे पक्ष के मो शकील के सहयोगी ने पुलिस टीम पर हमला किया है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जानकारी एसपी अशोक कुमार सिंह और फारबिसगंज एसडीपीओ शुभांक मिश्रा को दी गई है। वीडियो फुटेज के आधार पर 26 लोगों की पहचान की गई है। सभी के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है। वरीय अधिकारी के निर्देश के आलोक में आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, घटना के दूसरे दिन भी वरीय पुलिस पदाधिकारी नहीं पहुंचे। एसपी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि घटना बेहद दुखद है और इस मामले में सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

अन्य समाचार