Motihari Crime: प्रेम-प्रसंग में युवक को केरोसिन छिड़क जिंदा जलाया, हालत गंभीर; प्रेमिका का पिता गिरफ्तार



मोतिहारी, संवाद सूत्र। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक गांव में युवक को शुक्रवार की रात केरोसिन छिड़ककर जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसे चिंताजनक स्थिति में सदर अस्पताल से मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया है। झुलसे मुकेश कुमार के मामा शंभू देवनाथ ने पुलिस को बताया कि पीड़ित गांव में रहकर नारियल पानी बेचता है। उसके पिता शंकर मंडल पूरे परिवार के साथ दिल्ली में रहते हैं। युवक का एक लड़की के साथ प्रेम है।

शुक्रवार की रात लड़की के स्वजन ने केरोसिन छिड़ककर मुकेश को जिंदा जलाने की कोशिश की। इस बीच ग्रामीण मौके पर पहुंचे व उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। वहां इलाज के बाद उसे रेफर कर दिया गया। फिर छतौनी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत बिगड़ने पर मुजफ्फरपुर भेज दिया गया। पुलिस ने लड़की के पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया कि मामले में छह लोगो को नामजद किया गया है। उनमें सिंधु देवनाथ, संजीत देव नाथ, रतन देव नाथ, ललिता देवी, सुनील देवनाथ व रीना देवी शामिल हैं। जख्मी मुकेश ने एक वीडियो भी वायरल किया है, जिसमें सभी को आरोपित किया है। पुलिस ने एक की गिरफ्तारी के बाद शेष की खोज में छापेमारी तेज कर दी है। सदर डीएसपी अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि मामला गंभीर है। मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।
East Champaran: भोजपुरी गीत पर पिस्टल-कट्टा संग पोज देते युवक पर पुलिस का शिकंजा; गिरफ्तार कर भेजा जेल यह भी पढ़ें

युवक को जिंदा जलाने की प्राथमिकी के अतिरिक्त लड़की के पिता ने भी पुत्री का फोटो सोशल मीडिया पर डालकर अश्लील कमेंट करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस को दिए आवेदन में लड़की के पिता ने कहा है कि उनकी पुत्री का फोटो फेसबुक पर डालकर युवक अश्लील कमेंट करता रहा है। पूछताछ करने पर मुकेश ने गाली-गलौच की। साथ ही धमकी देता रहा। इस दौरान हड्डी तोड़ने और पुत्री का अपहरण करने की भी धमकी दी।

पुलिस उपाधीक्षक सदर अरूण कुमार गुप्ता ने बताया कि मामला गंभीर है। मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया है कि लड़की के पिता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।


अन्य समाचार