Viral Video : डांसरों के साथ देसी पिस्तौल लहराते हुए ठुमके लगाना पड़ा भारी, वीडियो वायरल होने पर दो गिरफ्तार



जागरण संवाददाता, आरा। भाेजपुर जिले में अवैध हथियार लेकर महिला डांसरों के साथ ठुमके लगाना दो बदमाशों को अंतत: महंगा पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने देसी पिस्टल के साथ दोनों बदमाशों को धर दबोचा। भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार ने रविवार की शाम इसकी जानकारी आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि दोनों की गिरफ्तारी पीरो के तरारी थाना क्षेत्र अन्तर्गत बंधवा गांव से हो सकी। वायरल वीडियो में लहराई जा रही देसी पिस्टल को जब्त कर लिया गया है। मामले में बंधवा गांव निवासी निर्मल कुमार तथा बिट्टू कुमार को गिरफ्तार किया गया है। इसे लेकर शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी की गई है। दोनों के आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है।

एसपी ने बताया कि तरारी थाना के बंधवा गांव में रात्रि पहर बंद कमरे में पार्टी चल रही थी। पार्टी में महिला डांसरों को भी बुलाया गया था। पार्टी के दौरान अवैध हथियार व महिला डांसरों के साथ ठुमके लगाते वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था। वायरल वीडियो का फुटेज पुलिस के हाथ भी लगा था। वायरल वीडियो में एक शख्स देसी पिस्तौल लिए नजर आ रहा था। महिला डांसर भी ठुमके लगा रही थीं।
Bihar: झड़प के दौरान पिस्तौल लहराते हुए युवक का वीडियो वायरल, दोनों पक्ष के आधा दर्जन से अधिक घायल यह भी पढ़ें
इधर, भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार के निर्देश पर पीरो डीएसपी राहुल सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। टीम ने वीडियो के आधार पर बंधवा गांव में छापेमारी की। इसके बाद अवैध देसी पिस्तौल के साथ निर्मल कुमार व बिट्टू कुमार दोनों आरोपितों को धर दबोचा गया। टीम में तरारी थानाध्यक्ष विजय प्रसाद समेत अन्य पदाधिकारी थे। एसपी के अनुसार वायरल वीडियो 31 दिसंबर की रात का बताया जा रहा है। वीडियो में साक्ष्य के तौर पर अवैध हथियार व नर्तकी के साथ डांस करते पाया गया है।

अन्य समाचार