Arrah Crime : रंजिश में हथियारबंद बदमाशों ने सरेशाम किसान को गोली मारी, तीन बाइक पर आए थे सात बदमाश



जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के बराप गांव स्थित मनरेगा भवन के समीप सोमवार की देर शाम हथियारबंद बदमाशों ने एक किसान को गोली मार दी। हमलावर बाइक से आए थे, जो गोली चलाकर भाग निकले।
जख्मी अधेड़ 55 वर्षीय लालबाबू सिंह गड़हनी थाना क्षेत्र के बराप गांव वार्ड नंबर 14 निवासी स्व. धड़ाका सिंह के पुत्र हैं। वह पेशे से किसान हैं। उन्हें इलाज के लिए आरा के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस वारदात को शुरूआती जांच में पूर्व रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। जख्मी किसान को गोली दाएं पैर में घुटने के नीचे लगी है, जो अंदर फंसी हुई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

इधर, घायल लालबाबू सिंह ने बताया कि उनके बड़े भाई तिलकधारी सिंह ने गड़हनी बाजार पर पशु मेला मैदान स्थित जमीन लिखवाई थी। इसको लेकर उनसे विवाद चला आ रहा था। लेकिन, इनसे कोई विवाद नहीं था। एक दिन पूर्व से ही वे जहां भी जाते उनका पीछा किया जाता था।
सोमवार की देर शाम वे अपने घर से कुछ दूरी पर मनरेगा भवन के समीप शौच करने गए थे। शौच कर जब वह वापस घर लौट रहे थे कि उसी दौरान तीन बाइक पर सात लोग सवार होकर आ धमके। इस दौरान उनमें से एक बदमाश ने उन्हें गोली मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया।
Bihar Crime : शौच के लिए गई महिला से सामूहिक दुष्कर्म कर वीडियो वायरल किया, पांच में से चार आरोपी गिरफ्तार यह भी पढ़ें
दूसरी ओर जख्मी अधेड़ लालबाबू सिंह ने गांव के ही कुंदन नामक व्यक्ति पर गोली मारने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। घटनास्थल पर जांच के लिए पहुंचे थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। पूर्व से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही है।

अन्य समाचार