Jamui Crime : कुख्यात मंटू यादव गोविंदपुर से गिरफ्तार, तीन दिन पहले हुए जमीन कारोबारी के कत्ल में है आरोपी



संवाद सूत्र, चंद्रमंडी (जमुई)। चकाई थाना क्षेत्र का कुख्यात अपराधी मंटू यादव को चकाई सीआरपीएफ और चकाई पुलिस ने संयुक्त अभियान के तहत सोमवार की देर शाम गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। गिरफ्तार मंटू यादव की निशानदेही पर पुलिस इलाके में सघन छापेमारी अभियान चला रही है।
बताया जाता है कि तीन दिन पूर्व देवघर के कोरियासा में जमीन व्यवसायी लक्ष्मी यादव की बम मारकर हत्या कर दिए जाने के मामले में मंटू यादव का नाम आने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस पर दबाव काफी बढ़ गया था। इसी क्रम में पुलिस पिछले तीन दिनों से मंटू यादव को गिरफ्तार करने के लिए जुटी हुई थी।

इसी दौरान सूचना मिली कि मंटू यादव अपने घर गोविंदपुर से सटे संथाली टोला में एक घर के पास किसी घटना को अंजाम देने के लिए पहुंचा हुआ है। सीआरपीएफ 215 एवं निवर्तमान थाना अध्यक्ष सीपी यादव, थाना अध्यक्ष अखिलेश कुमार की संयुक्त टीम ने गुप्त तरीके से अभियान चलाकर मंटू यादव को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जाता है कि उसके पास से हथियार भी बरामद हुआ है। पुलिस फिलहाल पूछताछ कर रही है। मंटू यादव पिछले एक दशक से चकाई, गिरिडीह, देवघर के सीमावर्ती इलाकों में आतंक का पर्याय था। उस पर गिरिडीह चकाई और देवघर जिले के विभिन्न थानों में लगभग आधा दर्जन से अधिक घटनाओं को अंजाम देने को लेकर केस दर्ज हैं।

मंटू यादव पहले नक्सली संगठन में चकाई और बेंगाबाद देवीपुर का एरिया कमांडर भी था। बाद में उसने नक्सली संगठन से अलग होकर अपना आपराधिक गिरोह बना लिया था। इलाके में निर्माण कार्य, भट्ठा, संवेदक से लेवी मांगना और सुपारी लेकर हत्या करता था। मंटू की गिरफ्तारी से इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है।

अन्य समाचार