अस्पताल से चिकित्सक गायब, विधायक ने तेजस्वी यादव से की शिकायत, तब आनन-फानन में पहुंचे जिलाधिकारी



जागरण संवाददाता, शेखपुरा। शेखपुरा सदर अस्पताल में चिकित्सक के गायब रहने और सिजेरियन ऑपरेशन के मरीज को अस्पताल से भगा देने की शिकायत स्थानीय राजद विधायक विजय सम्राट ने उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री तेजस्वी यादव से की। इसके बाद तेजस्वी यादव हरकत में आए और सचिव से लेकर अन्य अधिकारियों को इसे देखने के लिए कहा। फिर विधायक के द्वारा जिलाधिकारी से इसकी शिकायत की गई।

आनन-फानन में जिलाधिकारी सावन कुमार भी अस्पताल पहुंचे और पाया कि कई डॉक्टर गायब हैं। इस मामले में मौके पर जानकारी देते हुए विधायक विजय सम्राट ने बताया कि मरीज के स्वजन के द्वारा बताया गया कि अस्पताल में कोई डॉक्टर नहीं है। इसीलिए एक सिजेरियन मरीज को भी भगा दिया गया।

उन्होंने कहा कि जब वह निरीक्षण के लिए पहुंचे तो रोस्टर के हिसाब से डॉक्टर को नहीं पाया। फिर उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से इसकी शिकायत की। इसके बाद जिलाधिकारी भी यहां पहुंचे। जिलाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि मौके पर चिकित्सक नहीं मिले हैं। इसकी शिकायत राज्य सरकार से की जाएगी। वहीं यह भी कहा कि यहां के सिविल सर्जन का कोई नियंत्रण ही नहीं है।

अन्य समाचार