आरा में बेकाबू पिकअप ने बाइक सवार सगे भाइयों को रौंदा, एक की मौत, दूसरे का चल रहा इलाज



जागरण संवाददाता, आरा। बड़हरा थाना क्षेत्र अंतर्गत आरा-बड़हरा मुख्य मार्ग पर बिराहीपुर पुल के समीप बुधवार दोपहर अज्ञात पिकअप ने बाइक सवार दो सगे भाइयों को रौंद दिया। इसमें एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि, दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
मृत किशोर 15 वर्षीय संतोष यादव बड़हरा थाना क्षेत्र के मोहनपुर-करजा गांव वार्ड नंबर 11 निवासी शिवजी यादव का पुत्र था। जबकि, जख्मी उसका 14 वर्षीय भाई छोटू यादव है। जख्मी किशोर का इलाज सदर अस्पताल, आरा में कराया गया। हादसे के बाद चालक पिकअप लेकर फरार हो गया।

हादसे की वजह वाहन को अनियंत्रित गति से चलाना बताई जा रही है। इधर, मृत किशोर के पिता शिवजी यादव ने बताया कि बड़का लौहर बाजार पर वह दोनों ठेले पर बरगर व चाउमिन का दुकान लगाते हैं। बुधवार की दोपहर दोनों दुकान खोलने के लिए बाइक से बड़का लौहर जा रहे थे कि उसी दौरान बिराहीपुर पुल के समीप विपरीत दिशा से आ रहे पिकअप ने उन्हें रौंद दिया।
हादसे में संतोष यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक पर पीछे बैठा उसका भाई छोटू यादव गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसके बाद स्वजन संतोष यादव व छोटू यादव को सदर अस्पताल लाए। चिकित्सक ने संतोष यादव को मृत घोषित कर दिया। जबकि, जख्मी छोटे भाई छोटू यादव का इलाज चल रहा है।
CM Nitish Kumar: समाधान यात्रा में आज भोजपुर आएंगे सीएम नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव भी रहेंगे साथ यह भी पढ़ें
मृत किशोर संतोष अपने तीन भाई व एक बहन में तीसरे स्थान पर था। मृत किशोर के परिवार में पिता, मां राजकुमारी देवी व दो भाई शिवानंद यादव, छोटू यादव एवं एक बहन निशा कुमारी है। हादसे के बाद मृत किशोर की मां राजकुमारी देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

अन्य समाचार