मुंबई से 30 लाख के सोने के दो कड़े लेकर फरार आटो चालक धराया, नौ लाख रुपये बरामद, आरोपी तक ऐसे पहुंची पुलिस



संवाद सूत्र, सोनो(जमुई)। मुंबई के घाटकोपर इलाके से 30 लाख रुपये मूल्य के दो सोने के कड़े चोरी कर फरार हुए दो आटो चालक को सोनो पुलिस ने थाना क्षेत्र के लहथरा से शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से एक सोने का कड़ा व नौ लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान लहथरा के नंदकिशोर यादव व श्रवण कुमार के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष चितरंजन कुमार ने बताया कि आरोपित नंदकिशोर यादव व श्रवण कुमार मुंबई में आटो चलाते थे। कपड़ा व्यवसायी राजेश प्रेमजी वरीय अपने एक सहयोगी के साथ विगत 23 सितंबर को मुंबई एयरपोर्ट से आटो पर सवार होकर अपने घर घाटकोपर के लिए जा रहे थे।

घर पहुंचकर आटो से उतरकर आटो के पीछे रखा सामान उतार रहे थे। इसी दौरान आटो चालक गाड़ी स्टार्ट कर फरार हो गया और व्यवसायी का बैग आटो में ही रह गया, उसमें 670 ग्राम वजन के सोने के दो कड़े रखे थे। बैग में 30 लाख का सोना रखे होने की भनक आटो चालक को आटो में बैठे दोनों लोगों की बातचीत से हो गई थी।
साथ ही हवाई यात्रा के बाद व्यवसायी ने दोनों सोने के कड़े खोलकर आटो में बैठने के बाद ही बैग में डाले थे। इसी दौरान आटो चालक की नजर बैग में रखे जा रहे सोने की कड़ों पर पड़ गई थी। घाटकोपर थाने के अनुसंधान पदाधिकारी ज्ञानेश्वर खरमाटे ने बताया कि व्यवसायी ने अपने स्तर से गायब सोना को ढूंढने का प्रयास किया लेकिन जब सफलता नहीं मिली तो 15 दिन बाद थाना में केस दर्ज कराया गया।
Jamui: छह करोड़ के खेल भवन में छह दिन भी नहीं हुई खेल की गतिविधियां, गेट पर लटका ताला, खिलाड़ी परेशान यह भी पढ़ें
केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने मुंबई एयरपोर्ट से घाटकोपर के रास्ते दर्जनों सीसीटीवी फुटेज को खंगाल कर आटो तक पहुंची। आटो का पता चलते ही परत-दर-परत मामला सुलझता गया। आटो के मालिक तक पुलिस पहुंची को उक्त चालक का पूरा विवरण मिल गया। उसके बाद पुलिस ने विज्ञानी अनुसंधान की मदद से आरोपित का पता लगाया। इसके बाद सोनो पुलिस से संपर्क किया गया।
शुक्रवार को एसडीपीओ झाझा रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस इंस्पेक्टर प्रताप सिंह, सोनो थानाध्यक्ष चितरंजन कुमार व पुलिस जवानों के साथ टीम गठित कर लहथरा गांव में छापेमारी की गई और दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित नंदकिशोर यादव के घर से एक सोने का कड़ा व नकद नौ लाख रुपये बरामद हुए।

गिरफ्तार आटो चालक ने अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि एक कड़ा अपने साथी श्रवण कुमार के सहयोग से एक सोने के दुकान में दो दिन पूर्व बेचा था, जिससे 10 लाख रुपये मिले। एक लाख रुपये खर्च हो गए। मुंबई पुलिस दोनों आरोपितों को अपने साथ ले गई है।


अन्य समाचार