भाईचारा और सौहार्द का माहौल बनाना ही भारत जोड़ो यात्रा का मुख्य उद्देश्य : भक्तचरण दास



केवटी, संवाद सहयोगी। कांग्रेस के बिहार संगठन प्रभारी भक्तचरण दास ने कहा कि घृणा और नफरत की राजनीति को दूर कर देश में भाईचारा और सौहार्द का माहौल बनाना ही भारत जोड़ो यात्रा का मुख्य उद्देश्य है। यात्रा को अपार जनसमर्थन मिल रहा है। जाति और संप्रदाय का भेदभाव मिट चुका है।
उन्होंने कहा कि सभी लोग इससे जुड़कर देश में सुखद व प्रेम का माहौल कायम करने के लिए अग्रसर हैं। देश महंगाई, बेरोजगारी और नफरत की राजनीति से त्रस्त है। कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की तानाशाही सरकार को उखाड़ फेंकेगी।

उक्त बातें उन्होंने रविवार को भारत जोड़ो यात्रा के क्रम में प्रखंड की पाराडीह से मधुबनी जिले के बेनीपट्टी के लिए प्रस्थान करने के क्रम में जगह-जगह लोगों को संबोधित करते हुए कहीं। दास ने कहा कि सभी को एक साथ जोड़ने के उद्देश्य से बिहार में भारत जोड़ो यात्रा बांका के मंदार पर्वत से ही प्रारंभ की गई है।
कांग्रेस मंदिर-मस्जिद, गिरजाघर और गुरुद्वारा सभी को जोड़कर देखती है और सभी धर्मों का सम्मान करती है। पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. शकील अहमद ने कहा कि मोदी राज में देश की अर्थव्यवस्था चौपट हो गई है। पूरा देश महंगाई और बेरोजगारी की समस्या से त्रस्त है।
Darbhanga: कमतौल में पेट्रोल पंप के गार्ड की गोली मारकर हत्या, आधार कार्ड, दो खोखा समेत शराब लदा टेंपो बरामद यह भी पढ़ें
बिहार विधानमंडल दल के नेता डा. अजीत शर्मा ने कहा कि भाजपा देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. मदन मोहन झा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सभी धर्मों का सम्मान करती है। पार्टी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मिन्नत रहमानी, यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुमार आशीष, पूर्व प्रदेश संगठन सचिव मो. अखलाक, तारानंद सदा, प्रो. मो. मोहसिन, प्रतिभा सिंह आदि ने भी भारत जोड़ो यात्रा के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
दरभंगा: दिव्यांगता को बनाया सफलता का हथियार, पीएम के साथ चर्चा में खोला तनाव के पल को आनंदमय बनाने का राज यह भी पढ़ें
मौके पर जिलाध्यक्ष सीताराम चौधरी, अजय जालान, इंटक के जिलाध्यक्ष इन्द्र कुमार चौधरी, मुखिया संघ के प्रखंडध्यक्ष मो. इफ्तेखार अहमद छोटन, कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष नारायणजी झा, दिनेश मिश्र, जयशंकर मिश्रा, राम नारायण झा, अनोखा सिंह, सुधा मिश्रा, रीता सिंह, मो. तबरेज आलम, डा. देवानन्द झा, समीर दयाल दीपक, शमशाद अहमद समेत कई मौजूद थे।
यात्रा दरभंगा-जयनगर एनएच. 527बी सड़क से दड़िमा, दड़िमा नवटोलिया, रनवे, प्रखंड मुख्यालय, केवटी, जीवरा, बनवाड़ी एवं घेपुरा गांव से गुजरते हुए मधुबनी जिले के बेनीपट्टी के लिए प्रस्थान कर गई। जगह-जगह कार्यकर्ताओं व लोगों ने पदयात्रियों का भव्य स्वागत किया। यात्रा में नेता व कार्यकर्ता नफरत छोड़ो-भारत जोड़ो के नारे लगा रहे थे।

अन्य समाचार