Ara Crime: भोजपुर में दादा-पोते की लाठी-डंडे से पिटाई, बुजुर्ग की मौत; परिवार के सदस्यों ने ही किया था हमला



आरा, जागरण संवाददाता। भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेऊर पोखर मरेया टोला गांव में एक दादा और पोते की लाठी-डंडे से पिटाई कर दी गई, जिसमें बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं, घायल पोता राजू का इलाज सदर अस्पताल आरा में चल रहा है। मृतक 70 वर्षीय गंगा विशुन सिंह नेऊर पोखरा मरया टोला निवासी स्वर्गीय जानकी सिंह के पुत्र और पेशे से किसान थे। बुजुर्ग के सिर पर चोट का निशान पाया गया है। स्वजनों ने मृतक के छोटे भाई, भतीजे और चचेरे पोते पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजन फसल लगे खेत से साइकिल ले जाने को लेकर विवाद में हत्या की बात रहे हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल आरा में कराया गया।

नेऊर पोखर मरया टोला निवासी गंगा विशुन सिंह के परिवार के सदस्य अपने खेत में गेंहू की फसल लगाए हुए हैं। आरोप है कि उनके छोटे भाई गंगा सागर सिंह का पोता विक्की खेत के रास्ते साइकिल ले जा रहा था। इसका गंगा विशुन सिंह के परिवार ने विरोध किया। इसे लेकर महिलाओं के बीच नोंकझोंक हुई। बाद में विवाद ने तूल पकड़ लिया। इसके बाद आरोपितों ने लाठी डंडे से मारकर गंगा विशुन सिंह और उनके पोते राजू को घायल कर दिया।
Bhojpur Crime: भूमि विवाद में दो भाइयों को घर में घुसकर मारी गोली, अस्पताल में भर्ती, चार हिरासत में यह भी पढ़ें
इसके बाद घायल गंगा विशुन सिंह को इलाज के लिए सदर अस्पताल आरा लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। गुरूवार को टाउन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव का पोस्टमार्टम कराया।
बताया जा रहा है कि गंगा विशुन के परिवार में पत्नी दूजा देवी, दो पुत्र नथुनी सिंह,  राज किशोर और एक लड़की तेतर देवी है। पहली पत्नी की मौत के बाद गंगा विशुन ने दूसरी शादी की थी। समाचार लिखे जाने तक बुजुर्ग का शव सदर अस्पताल में था। पुलिस अधिकारी स्वजनों का बयान ले रहे थे।

अन्य समाचार