भोजपुर: आरा में पागल कुत्ते का आतंक, एक ही रात में 100 लोगों को काटा, सुरक्षा कर्मी कर रहे तलाश



जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के आरा शहर में बुधवार की रात एक सनकी कुत्ते ने जमकर आतंक मचाया। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में घूमकर करीब सौ लोगों को काट लिया, जिससे पूरे नगर में हड़कंप मच गया। कुत्ते के काटने का शिकार बने लोगों में महिलाएं और पुरुष शामिल हैं। इसे लेकर रात नौ बजे तक सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में गहमागहमी देखी गई।
आलम यह था कि पागल कुत्ते ने किसी के चेहरे तो किसी के हाथ में काट लिया था। घायल लोग रोते-बिलखते अस्पताल पहुंच रहे थे। सर्वाधिक लोग शिवगंज, शीतल टोला, मोती टोला, सदर अस्पताल रोड एवं बस स्टैंड रोड पर शिकार हुए। पीड़ितों में केजी रोड, जवाहर टोला, बाबू बाजार, शीतल टोला, धरहरा, महादेवा, मोती टोला, अस्पताल रोड के रहवासी शामिल हैं।

इस घटना के संबंध में भोजपुर के पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि शिवगंज, शीतल टोला, महादेव रोड और सदर अस्पताल क्षेत्र में बुधवार को कुत्ते ने 70 से ज्यादा लोगों पर हमला कर दिया था। उन्होंने बताया कि सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
उन्होंने कहा कि पुलिस और स्थानीय नगर निकाय के अधिकारियों ने इतनी ज्यादा संख्या में लोगों को काटने वाले कुत्ते की तलाश तेज कर दी है। उन्होंने कहा कि कुछ इलाकों में सुरक्षाकर्मियों को भी तैनात किया गया है।

अन्य समाचार