मधेपुरा: बगीचे में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, स्वजन ने प्रेम प्रसंग में हत्या का लगाया आरोप



संवाद सूत्र, उदाकिशुनगंज (मधेपुरा)। उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 21 जमुनियां टोला में प्रेम प्रसंग में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि फांसी लगाकर युवक की हत्या की गई है। युवक का शव शुक्रवार को गांव के पास बगीचे में पेड़ से लटका हुआ मिला है।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से स्वजन में कोहराम मच गया है। जानकारी के अनुसार जमुनिया टोला के मित्तल ऋषिदेव के पुत्र सागर कुमार ऋषिदेव (20) का शव गांव के पास बगीचे में पेड़ से लटका हुआ मिला था।

इसकी जानकारी जब गांव वालों और स्वजन को हुई तो वे मौके पर पहुंचे। युवक की मौत होने के बाद स्वजन में हाहाकार मच गया। स्वजन ने युवक की हत्या का आरोप बगलगीर पर लगाया है। प्रेम प्रसंग में 15 दिन पूर्व युवक एक लड़की को लेकर फरार हो गया था। समाज के प्रबुद्धजनों के प्रयास लड़का-लड़की गांव वापस आ गए थे। इसके बाद पंचायत भी बैठी थी।
लोगों ने लड़के के पक्ष पर पंचायत में पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया था। उसके बाद यह घटना सामने आई है। इस मामले में स्वजन ने लड़की के चार भाइयों के अलावा अन्य सदस्यों को आरोपित बनाया है। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपित घर से फरार हो गए हैं। यद्यपि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा। घटना से गांव के लोग स्तब्ध हैं। पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।

अन्य समाचार